नौतपा में बिजली कटौती से भड़का ग्रामीणों का गुस्सा, सड़क पर बैठकर किया चक्काजाम

Share

सीहोर, 26 मई । मध्य प्रदेश के सीहोर जिले के बिजौरी क्षेत्र में लगातार हो रही बिजली कटौती के विरोध में मंगलवार को ग्रामीणों का गुस्सा सड़क पर फूट पड़ा। श्यामपुर रोड पर सैकड़ों ग्रामीण युवक धरने पर बैठ गए और चक्काजाम कर बिजली विभाग के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया।

भीषण गर्मी और नौतपा के बीच अघोषित बिजली कटौती से परेशान ग्रामीणों ने सड़क पर बैठकर नारेबाजी की। प्रदर्शन के चलते सड़क के दोनों ओर बस, ट्रक, कार और अन्य छोटे-बड़े वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। प्रदर्शनकारी काफी देर तक सड़क से हटने को तैयार नहीं हुए, जिससे यातायात पूरी तरह प्रभावित रहा।

ग्रामीणों का आरोप था कि बिजली वितरण कंपनी मनमानी कर रही है। एक ओर स्मार्ट मीटर के जरिए भारी-भरकम बिल भेजे जा रहे हैं, वहीं दूसरी ओर घंटों बिजली कटौती की जा रही है। बिजली नहीं रहने से घरों में लगे पंखे, कूलर और एसी बेकार साबित हो रहे हैं।

प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे पम्पू वर्मा ने कहा कि लगातार बिजली कटौती से बच्चों, बुजुर्गों और आम लोगों का जीवन प्रभावित हो रहा है। गांवों में बिजली आधारित छोटे काम-धंधे भी ठप पड़ने लगे हैं, जिससे लोगों के सामने रोज़गार का संकट खड़ा हो रहा है।

वहीं हरीश चौधरी ने बताया कि कई बार बिजली विभाग के अधिकारियों से नियमित बिजली आपूर्ति की मांग की गई, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। मजबूर होकर ग्रामीणों को सड़क पर उतरना पड़ा।

स्थिति बिगड़ने की सूचना मिलने पर मंडी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और समझाइश देकर हालात नियंत्रित किए। बाद में बिजली वितरण कंपनी के अधिकारियों को मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों से शिकायत पत्र लेना पड़ा।

ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द बिजली व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया तो आने वाले दिनों में और उग्र आंदोलन किया जाएगा।