फरीदाबाद : 30 किलो गांजा सहित आधा दर्जन नशा तस्कर गिरफ्तार

Share

फरीदाबाद, 24 मई । फरीदाबाद पुलिस की अलग-अलग अपराध शाखाओं द्वारा गांजा व स्मैक तस्करी के पांच अलग-अलग मामलों में छह आरोपितों को गिरफ्तार किया है। जिनके कब्जे से 30.087 किलोग्राम गांजा व 8.56 ग्राम स्मैक बरामद की गई है। सहायक पुलिस आयुक्त अपराध वरुण कुमार दहिया ने रविवार को प्रेस वार्ता के दौरान बताया कि अपराध शाखा उंचा गांव की टीम ने साहिल (24) व अनिश(23) निवासी नेहरु कालोनी फरीदाबाद को 21.055 किलोग्राम सहित एम.वी.एन पाली रोड से गाड़ी सहित गिरफ्तार किया है। साहिल पर पांच मामले पहले भी दर्ज हैं उसकी मां भी अवैध नशा बेचने का काम करती है जिसके विरुद्ध 3 मामले दर्ज है। वही एवीटीएस सिकरोना की टीम ने अमित(36) निवासी ग्रेटर नोएडा उत्तर प्रदेश को 8.200 किलोग्राम गांजा सहित फतेहपुर तगा गांव से, अपराध शाखा डीएलएफ की टीम ने संतोष(43) निवासी राहुल कालोनी एस.जी.एम नगर को 352 ग्राम गांजा सहित नेहरु कालोनी से, एवीटीएस भूपानी की टीम ने हसीन उल्ला निवासी आशियाना फ्लैट सेक्टर-56 को 480 ग्राम गांजा सहित बाईपास रोड किसान मजदुर कालोनी फरीदाबाद से गिरफ्तार किया है। इसी प्रकार एक अन्य मामले में अपराध शाखा उंचा गांव की टीम ने वसीम(22) निवासी नेहरु कालोनी फरीदाबाद को 8.56 ग्राम स्मैक सहित नेहरु कालोनी से ही गिरफ्तार किया है। सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित थानों मे एन.डी.पी.एस. एक्ट की धारा के अंतर्गत मामले दर्ज किये गये हैं। एसीपी वरुण दहिया ने बताया कि 23 मई 2026 तक पिछले लगभग 5 महीनों में एनडीपीएस एक्ट के तहत कुल 204 मुकदमे दर्ज किए गए हैं और 260 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। वहीं आम्र्स एक्ट के तहत 193 केस दर्ज कर 231 आरोपियों को पकड़ा गया है। एसीपी ने चिंता जताते हुए कहा कि अब नशा तस्करी में छोटे बच्चों और महिलाओं का भी इस्तेमाल किया जा रहा है। कई मामलों में बच्चों से नशा सप्लाई करवाने जैसी गंभीर बातें सामने आई हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे गिरोह समाज को खोखला करने का काम कर रहे हैं और इनके खिलाफ पुलिस पूरी सख्ती के साथ कार्रवाई करेगी। फरीदाबाद पुलिस ने साफ कर दिया है कि ऑपरेशन ट्रेकडाउन आगे भी लगातार जारी रहेगा और नशे के इस काले कारोबार से जुड़े छोटे सप्लायरों से लेकर बड़े सरगनाओं तक किसी को नहीं छोड़ा जाएगा।