नैनीताल, 22 मई । अंतरराष्ट्रीय जैव विविधता दिवस के अवसर पर नैनीताल प्राणी उद्यान एवं हिमालयन बोटैनिकल गार्डन, नारायणनगर में शुक्रवार को विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन निदेशक प्राणी उद्यान एवं प्रभागीय वनाधिकारी आकाश गंगवार के निर्देशन में “वैश्विक प्रभाव के लिए स्थानीय स्तर पर कार्य” विषय पर किया गया, जिसमें विभिन्न विद्यालयों के कुल 250 विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया।
प्राणी उद्यान सभागार में कक्षा एक से पांच तक के विद्यार्थियों के लिए मास्क मेकिंग गतिविधि आयोजित की गई, जिसमें बच्चों ने वन्य जीवों की आकृतियों वाले विभिन्न आकर्षक मास्क तैयार किए। कक्षा छह से आठ तक के विद्यार्थियों के लिए “प्रकृति की हर प्रजाति अनमोल” विषय पर कविता लेखन प्रतियोगिता व कक्षा नौ से बारह तक के विद्यार्थियों के लिए “जैव विविधता जीने का आधार” विषय पर निबंध लेखन प्रतियोगिता आयोजित की गई। कार्यक्रम का संचालन बायोलॉजिस्ट अनुज कांडपाल ने किया।
वहीं हिमालयन बोटैनिकल गार्डन नारायणनगर में चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित हुई, जिसमें लगभग 100 विद्यार्थियों ने भाग लिया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. रजनी रावत ने किया। इस अवसर पर उप निदेशक स्वाति, वन क्षेत्राधिकारी आनंद लाल, वन दरोगा जगदीश सिंह कोरंगा सहित प्राणी उद्यान एवं वन विभाग के अनेक अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।