मलारी/ज्योतिर्मठ, 22 मई ।
प्रधानमंत्री जनमन एवं धरती आबा अभियान के तहत मलारी गांव में आयोजित बहुउद्देशीय शिविर में ग्रामीणों को विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। शिविर में समाज कल्याण, स्वास्थ्य, कृषि, शिक्षा एवं अन्य विभागों ने पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ने के लिए जागरूक किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता ग्राम प्रधान ने की, जबकि क्षेत्र पंचायत सदस्य रश्मि देवी विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहीं। शिविर में समाज कल्याण, स्वास्थ्य, शिक्षा, पंचायती राज, कृषि, उद्यान, पशुपालन और ग्राम्य विकास विभाग सहित विभिन्न विभागों ने ग्रामीणों को केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं की जानकारी दी। साथ ही पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ने के लिए जागरूक किया गया। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने ग्रामीणों को स्वास्थ्य सेवाओं और सुविधाओं की जानकारी भी दी।
सहायक समाज कल्याण अधिकारी द्वारिका ने विभागीय योजनाओं की विस्तृत जानकारी देते हुए विभागीय योजनाओं की विस्तृत जानकारी देते हुए ग्रामीणों को अधिक से अधिक लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। शिविर में मौजूद ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने आयोजन की सराहना करते हुए भविष्य में भी ऐसे शिविर नियमित रूप से आयोजित करने की मांग की।कार्यक्रम में बताया गया कि प्रधानमंत्री जन-मन और धरती आबा अभियान का उद्देश्य दूरस्थ जनजातीय क्षेत्रों तक शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल, आवास और आजीविका जैसी मूलभूत सुविधाओं की पहुंच सुनिश्चित करना तथा जनजातीय समुदायों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ना है।