खेल प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का है महत्वपूर्ण माध्यम हैं : डॉ. सुबोध कुमार

Share

सीवान17 मई । लोक शिक्षा समिति बिहार द्वारा महावीरी सरस्वती विद्या मंदिर, विजयहाता में आयोजित 37वीं प्रांतीय समूह खेलकूद प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ रविवार को उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का उद्घाटन जिला खेल पदाधिकारी उपेन्द्र कुमार यादव, हैंडबॉल की राष्ट्रीय खिलाड़ी खुश्बू कुमारी, लोक शिक्षा समिति बिहार के प्रदेश मंत्री डॉ. सुबोध कुमार, प्रदेश सचिव रामलाल, खेलकूद विभाग के क्षेत्रीय संयोजक फणीश्वर नाथ, पूर्व पूर्णकालिक कार्यकर्ता मिथिलेश कुमार सिंह तथा राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के विभाग प्रचारक चंदन कुमार ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

कार्यक्रम में भगवान हनुमान, मां भारती एवं मां सरस्वती के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की गई। प्रतियोगिता के उद्घाटन की औपचारिक घोषणा राष्ट्रीय खिलाड़ी खुश्बू कुमारी ने की, जबकि खिलाड़ियों को शपथ विद्या भारती के राष्ट्रीय खिलाड़ी दीपक कुमार ने दिलाई। समारोह का संचालन राजेश कुमार रंजन ने किया तथा अतिथियों का परिचय प्राचार्य डॉ. कुमार विजय रंजन ने कराया।

उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए डॉ. सुबोध कुमार ने कहा कि विद्या भारती की खेलकूद प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। खेलों से बच्चों में अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, टीम भावना एवं राष्ट्रभक्ति की भावना विकसित होती है। उन्होंने कहा कि खेल केवल शारीरिक क्षमता बढ़ाने का साधन नहीं, बल्कि मानसिक दृढ़ता और सकारात्मक सोच का भी आधार है।

वहीं जिला खेल पदाधिकारी उपेन्द्र कुमार यादव ने कहा कि आज खेलकूद उज्ज्वल कैरियर का मजबूत विकल्प बन चुका है। खिलाड़ियों को सरकारी नौकरी, छात्रवृत्ति एवं सम्मान जैसे अवसर प्राप्त हो रहे हैं। उन्होंने अभिभावकों और शिक्षकों से बच्चों को खेलों के प्रति प्रेरित करने की अपील की।