राज्यपाल कविंदर गुप्ता ने ‘शारदा पीठ–सती देश कश्मीर’ पुस्तक का किया विमोचन

Share

शिमला, 14 मई । राज्यपाल कविंद्र गुप्ता ने गुरूवार को नई दिल्ली में “शारदा पीठ–सती देश कश्मीर” नामक पुस्तक का विमोचन किया। यह पुस्तक विश्व हिंदू पीठ, नई दिल्ली के अध्यक्ष आचार्य मदन ने लिखी है। कार्यक्रम में शारदा हिंदू पीठ से जुड़े कई विद्वान, बुद्धिजीवी और श्रद्धालु भी मौजूद रहे।

राज्यपाल काविंदर गुप्ता ने इस पुस्तक को जम्मू-कश्मीर की प्राचीन आध्यात्मिक, सांस्कृतिक और शैक्षणिक विरासत पर आधारित महत्वपूर्ण शोध कार्य बताया। उन्होंने कहा कि शारदा पीठ भारत की सभ्यतागत पहचान, ज्ञान परंपरा और सनातन संस्कृति का एक बड़ा प्रतीक रहा है। उन्होंने कहा कि यह पुस्तक कश्मीर के इतिहास, शारदा सभ्यता और वहां की प्राचीन सांस्कृतिक परंपराओं को समझने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

राज्यपाल ने पुस्तक के लेखक आचार्य मदन के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह की शोध आधारित किताबें नई पीढ़ी को देश की सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने का काम करती हैं। उन्होंने कहा कि कश्मीर लंबे समय तक शिक्षा, अध्यात्म और संस्कृत विद्या का प्रमुख केंद्र रहा है और शारदा पीठ को पूरे भारतीय उपमहाद्वीप में विद्वानों और संतों के बीच विशेष सम्मान प्राप्त था।

उन्होंने कहा कि पुस्तक में कश्मीर के गौरवशाली इतिहास, शारदा सभ्यता, संस्कृत विद्वता और मां शारदा से जुड़ी प्राचीन परंपराओं के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई है। राज्यपाल ने उम्मीद जताई कि यह पुस्तक कश्मीर की प्राचीन विरासत और आध्यात्मिक परंपराओं पर गंभीर अध्ययन और चर्चा को आगे बढ़ाने में मदद करेगी।

इस मौके पर आचार्य मदन ने कहा कि पुस्तक का उद्देश्य समाज के सामने शारदा पीठ के ऐतिहासिक और सांस्कृतिक महत्व को लाना है। उन्होंने कहा कि प्राचीन भारत के इस महत्वपूर्ण ज्ञान केंद्र के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ाने और शारदा सभ्यता से जुड़ी सांस्कृतिक पहचान को संरक्षित करने की आवश्यकता है।