मौनी रॉय इन दिनों अपने पति सूरज नांबियार के साथ तलाक की खबरों को लेकर सुर्खियों में हैं। रिपोर्ट्स में दावा किया गया था कि दोनों ने अपनी चार साल पुरानी शादी खत्म कर दी है। कुछ खबरों में यह भी कहा गया कि रिश्ते में दरार की वजह सूरज की कथित बेवफाई और अभिनेत्री के पैसों का निजी इस्तेमाल था। अब इन अटकलों पर मौनी ने अपनी प्रतिक्रिया दी है।
मौनी ने इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक पोस्ट शेयर करते हुए लिखा, “सभी मीडिया संस्थानों से विनम्र निवेदन है कि झूठी खबरें प्रकाशित न करें और कृपया हमें स्थान और गोपनीयता दें।” इसके साथ उन्होंने हाथ जोड़ने वाली इमोजी भी शेयर की। इन चर्चाओं के बीच सूरज नांबियार का इंस्टाग्राम अकाउंट भी चर्चा में आ गया है। उन्होंने पहले मौनी के साथ अपनी तस्वीरें हटाईं और बाद में अकाउंट डिलीट या आर्काइव कर दिया। दोनों ने साल 2022 में गोवा में पारंपरिक रीति-रिवाजों से शादी की थी।
इसी बीच मौनी की एक और सोशल मीडिया पोस्ट भी चर्चा में बनी हुई है। अभिनेत्री ने अपनी बहन रूपाली कडियान को जन्मदिन की बधाई देते हुए भावुक संदेश लिखा। उन्होंने अपनी बहन को जिंदगी का सबसे खास हिस्सा बताते हुए प्यार जताया। हालांकि, तलाक की खबरों के बीच मौनी की इस पोस्ट को भी सोशल मीडिया पर अलग-अलग नजरिए से देखा जा रहा है।