दिवंगत अभिनेता इरफान खान के बेटे बाबिल खान अब साउथ सिनेमा की ओर कदम बढ़ाने जा रहे हैं। आखिरी बार लॉगआउट में नजर आए बाबिल जल्द ही मलयालम फिल्म इंडस्ट्री में डेब्यू करेंगे। खबरों के मुताबिक, उन्होंने फिल्म निर्माता बाबू जनार्दनन की आगामी फिल्म गांधी बाजार संडे मार्केट के लिए हाथ मिलाया है।
बताया जा रहा है कि इस फिल्म के जरिए बाबिल मलयालम सिनेमा की गहरी और संवेदनशील कहानी कहने की शैली का हिस्सा बनेंगे। हालांकि फिल्म से जुड़ी ज्यादा जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है, लेकिन इसकी शूटिंग मई महीने में शुरू होने की उम्मीद है। रिपोर्ट्स के अनुसार, बाबिल इस प्रोजेक्ट के लिए कड़ी तैयारी कर रहे हैं और लगातार ट्रेनिंग ले रहे हैं।
सूत्रों के मुताबिक बाबिल सप्ताह में छह दिन ट्रेनिंग कर रहे हैं। उनके प्रशिक्षण में पैड वर्क, बैग ड्रिल, क्लिंच तकनीक, स्पैरिंग और स्ट्रेंथ कंडीशनिंग शामिल है। फिल्म में उनके साथ अपर्णा बालमुरली, दीपक परम्बोल, निखिल नायर और जॉनी एंटनी भी नजर आएंगे। इसके अलावा बाबिल एक अन्य फिल्म पर भी काम कर रहे हैं, जिसकी शूटिंग उन्होंने मार्च में भोपाल में शुरू की थी।