जयपुर, 10 मई । एयरपोर्ट थाना पुलिस ने जयपुर एयरपोर्ट पर नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए एक महिला को गिरफ्तार किया है। आरोपित महिला लोगों से रुपए लेकर फर्जी एंट्री कार्ड और पास बनाकर नौकरी दिलाने का झांसा देती थी। पुलिस ने उसके कब्जे से चार फर्जी कार्ड, करीब तीस लोगों के आधार कार्ड और आवेदन फॉर्म बरामद किए हैं। फिलहाल पुलिस पूछताछ करने में जुटी है।
पुलिस उपायुक्त जयपुर पूर्व रंजीता शर्मा ने बताया कि एयरपोर्ट थाना पुलिस ने जयपुर एयरपोर्ट पर नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह की शातिर महिला किरण सैनी निवासी पिलानी जिला झुंझुनूं हाल श्रीनाथ जगतपुरा जयपुर को गिरफ्तार किया। आरोपित महिला एआईएएसएल ग्राउंड हैंडलिंग कंपनी के कार्ड को गूगल जैमिनी और एआई एप की मदद से एडिट कर रंगीन फर्जी कार्ड तैयार करती थी।
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपित अब तक करीब 30 से अधिक लोगों से जयपुर एयरपोर्ट पर नौकरी लगवाने के नाम पर लगभग 9 से 10 लाख रुपये की ठगी कर चुकी है। आरोपित पूर्व में एआईएएसएल कंपनी में जयपुर एयरपोर्ट पर कार्य भी कर चुकी है, जिसका फायदा उठाकर वह लोगों को भरोसे में लेती थी।
थाना प्रभारी रूपनारायण ने बताया कि 8 मई 2026 को एयरपोर्ट थाना जयपुर पूर्व में फर्जी नौकरी लगवाने के नाम पर ठगी की शिकायत दर्ज हुई थी। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई और पुलिस टीम गठित की गई। टीम में रामलाल, मोहनलाल और अमित शामिल रहे। पुलिस अब इस मामले में शामिल अन्य लोगों के बारे में पूछताछ कर रही है