अज्ञात हमलावरों ने व्यक्ति पर किया चाकू से हमला, गम्भीर हालत में लखनऊ रेफर

Share

बहराइच, 10 मई । नानपारा कोतवाली क्षेत्र अन्तर्गत ककरी मोड़ पर अज्ञात हमलावरों ने एक व्यक्ति पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे व्यक्ति गम्भीर रूप से घायल हो गया। घायल को प्राथमिक उपचार के बाद लखनऊ ट्रामा सेन्टर रेफर कर दिया गया है।

पीड़ित की पत्नी रोशनी ने चार अज्ञात हमलावरों के खिलाफ पुलिस को तहरीर सौंपी है।

रोशनी, राजा कोठी नानपारा की निवासिनी है। पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र में रोशनी ने बताया कि देर रात वह अपने पति नफीस के साथ मुरादाबादी ढाबा ककरी मोड़ के पीछे शौच के लिए गईं थीं। उस दौरान चार अज्ञात लोग वहां आये और उनके पति से कहासुनी करने लगे। कहासुनी के दौरान हमलावरों ने अचानक नफीस पर चाकू से हमला कर दिया,जिससे वह अचेत होकर जमीन पर गिर पड़े। रोशनी के पहुँचने पर चारों हमलावर जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए।

हमले में घायल पति को लेकर रोशनी सीएचसी पहुँची जहां प्राथमिक उपचार के बाद बहराइच मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। मामला गम्भीर होने के कारण बहराइच मेडिकल कॉलेज के चिकित्सकों ने उसे लखनऊ ट्रामा सेन्टर रेफर कर दिया।

नानपारा कोतवाल राजनाथ सिंह ने रविवार काे बताया कि महिला की तहरीर के अनुसार चार अज्ञात हमलावरों के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत किया गया है। हमलावरों की तलाश की जा रही है।