राजधानी पटना में आयी आंधी-बारिश ने मचायी तबाही,कई जगह पेड़ गिरने से यातायात बाधित

Share

पटना, 08 मई । माैसम विभाग के चेतावनी के अनुसार राजधानी पटना में शाम चार बजे से बाद जमकर बारिश हुई। हालांकि बारिश कुछ देर के लिए लेकिन तेज हवा के साथ आयी आंधी ने भारी तबाही मचा दी। तेज हवाओं और बारिश के कारण शहर के कई इलाकों में कही पूरा पेड़ गिड़ गया और कही पेड़ बड़ी-बड़ी टहनियां गिरने से कुछ समय के लिए यातायात भी बाधित रहा।

कई इलाकों में बड़े-बड़े पेड़ सड़क, घर और दुकानों पर गिर गए। पटना हाईकोर्ट, सचिवालय, देशरत्न मार्ग और विधान परिषद मार्ग समेत कई प्रमुख इलाकों में पेड़ गिरने से आवागमन प्रभावित हुआ। सचिवालय परिसर में खड़ी एक कार पर भी पेड़ गिर गया।

पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी के 10 सर्कुलर रोड स्थित आवास के बाहर भी विशाल पेड़ गिरने से सड़क पूरी तरह जाम हो गई। मुख्यमंत्री आवास की ओर जाने वाले अणे मार्ग गेट के पास भी पेड़ गिरने से यातायात बाधित रहा। राष्ट्रीय जनता दल (राजद) कार्यालय परिसर में भी तेज आंधी के दौरान आम का पेड़ गिर गया।

इस्कॉन मंदिर के सामने डिज्नीलैंड मेला परिसर में भी भारी नुकसान हुआ। कई दुकानें ध्वस्त हो गईं और एक घर पर पेड़ गिर गया। आंधी-बारिश के बाद शहर की सड़कों पर लंबा जाम लग गया। जगदेव पथ, नेहरू पथ फ्लाईओवर और पटना जू रोड पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।

पटना नगर निगम की टीमें युद्धस्तर पर कर रही काम

हालात का जायजा लेते हुए डीएम ने नगर निकाय, वन विभाग, बिजली विभाग और पथ निर्माण विभाग के अधिकारियों को तत्काल राहत एवं बचाव कार्य में लगाया। गर्दनीबाग इलाके में पेड़ के नीचे दबे एक व्यक्ति को निकालने के लिए एनडीआरएफ टीम ने रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। तेज आंधी के कारण पटना चिड़ियाघर को शनिवार तक बंद कर दिया गया है। वहीं खराब मौसम के चलते कोलकाता से पटना आने वाली एक फ्लाइट को लखनऊ डायवर्ट करना पड़ा।

मुख्यमंत्री आवास के बाहर एक बड़ा पेड़ गिर गया। वहीं मुख्यमंत्री आवास के पीछे स्थित लालू प्रसाद यादव आवास के बाहर भी दर्जनों पेड़ गिरने की खबर है। पेड़ गिरने से कई गाड़ियां क्षतिग्रस्त हो गईं, जबकि कई सुरक्षाकर्मी बाल-बाल बच गए। कुछ लोगों के घायल होने की भी सूचना है।

हाईकोर्ट परिसर, विकास भवन परिसर, विद्यापति मार्ग, देशरत्न मार्ग सहित कई प्रमुख स्थलों पर पेड़-पौधे, शाखाएं एवं बड़े-बड़े होर्डिंग्स टूटकर सड़कों पर गिर गए हैं, जिससे यातायात एवं आम जनजीवन प्रभावित हुआ है।

स्थिति को सामान्य बनाने के लिए पटना नगर निगम की टीमें युद्धस्तर पर राहत एवं सफाई कार्य में जुटी हुई हैं।

निगम कर्मियों द्वारा प्रभावित मार्गों से गिरे हुए पेड़, शाखाएं एवं होर्डिंग्स हटाकर सड़कों को शीघ्रतापूर्वक क्लीयर किया जा रहा है, ताकि यातायात सुचारु रूप से बहाल हो सके और नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

निगम ने की अपील

पटना नगर निगम ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि उनके क्षेत्र में कहीं पेड़ गिरने, जलजमाव, होर्डिंग्स टूटने अथवा अन्य किसी आपात स्थिति की जानकारी हो, तो वे तुरंत निगम के टोल फ्री नंबर 155304 एवं मोबाइल नंबर 9264291339 पर संपर्क कर शिकायत दर्ज करा सकते हैं। निगम प्रशासन द्वारा प्राप्त शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।