सिविल डिफेंस – ब्लैकआउट व मॉक ड्रिल को लेकर डीएम ने की समीक्षा

Share

कटिहार, 08 मई । जिलाधिकारी आशुतोष द्विवेदी की अध्यक्षता में शुक्रवार को समाहरणालय स्थित एनआईसी सभागार में जिला आपदा टास्क फोर्स की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में वर्ष 2026 की संभावित बाढ़ की पूर्व तैयारियों तथा आगामी 14 मई को जिले में आयोजित होने वाले ‘सिविल डिफेंस – ब्लैकआउट/मॉक ड्रिल’ के सफल संचालन को लेकर विस्तृत समीक्षा की गई और आवश्यक निर्देश दिए गए।

बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने संभावित बाढ़ 2026 को देखते हुए सभी संबंधित विभागों को समयबद्ध तरीके से तैयारी पूर्ण करने का निर्देश दिया। उन्होंने संवेदनशील क्षेत्रों की पहचान, राहत एवं बचाव दलों का गठन, नावों, लाइफ जैकेट और मोटरबोट की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर जोर दिया। डीएम ने स्पष्ट कहा कि सामुदायिक रसोई, आश्रय स्थलों, तटबंधों की सुरक्षा और सड़कों की मरम्मत का कार्य प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए। स्वास्थ्य विभाग को मोबाइल मेडिकल टीम और दवाओं की उपलब्धता तथा पशुपालन विभाग को चारे की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए।

भारत सरकार और आपदा प्रबंधन विभाग, बिहार के निर्देशानुसार, 14 मई को शाम 07:00 बजे से 07:30 बजे तक कटिहार जिले में हवाई हमला एवं ब्लैकआउट संबंधी मॉक ड्रिल आयोजित किया जाएगा। इसका मुख्य उद्देश्य नागरिक सुरक्षा और आपदा के समय त्वरित कार्रवाई की क्षमता को परखना है। यह ड्रील मनिहारी मोड़, चिन्हित मॉल, रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड के समीप किया जायेगा। इस दौरान एयर रेड वार्निंग, ब्लैकआउट, सुरक्षित निकासी, खोज एवं बचाव, प्राथमिक चिकित्सा और अग्निशमन का प्रदर्शन किया जायेगा। ड्रील में एसडीआरएफ, पुलिस प्रशासन, होमगार्ड, रेड क्रॉस, एनसीसी और सिविल डिफेंस के वॉलिंटियर्स भाग लेंगे।

जिला प्रशासन ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि यह अभ्यास पूर्णतः पूर्व नियोजित है। नागरिक किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें और प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन कर सहयोग प्रदान करें।

इस बैठक में उप-विकास आयुक्त अमित कुमार, अपर समाहर्ता (आदा प्रबंधन) कुमार धनंजय, नगर आयुक्त संतोष कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी कटिहार, डीटीओ और अन्य जिला स्तरीय पदाधिकारी मौजूद थे। साथ ही मनिहारी एवं बारसोई के अनुमंडल पदाधिकारी, सभी बीडीओ और सीओ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े रहे।