गुरुग्राम, 08 मई । कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने शुक्रवार शाम गुरुग्राम में सद्भाव यात्रा को संबोधित करते हुए भाजपा सरकार पर लोकतंत्र, संविधान और किसानों के अधिकारों पर हमला करने का आरोप लगाया।
इससे पूर्व राहुल गांधी खांडसा मंडी से लेकर एसडी स्कूल चौक तक सद्भाव यात्रा में शामिल हुए। पूर्व सांसद बृजेंद्र सिंह की ओर से यह यात्रा निकाली जा रही है। इसके बाद आयोजित जनसभा में राहुल गांधी ने कहा कि भाजपा ने देश में चुनाव चोरी करने का सिस्टम बना लिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि हरियाणा, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, पश्चिम बंगाल और असम जैसे राज्यों में लाखों मतदाताओं के नाम वोटर लिस्ट से काटे गए और नए नाम जोड़े गए। चुनाव आयोग भी भाजपा के दबाव में काम कर रहा है। राहुल गांधी ने कहा कि भाजपा नेताओं को लगता है कि उनका शासन कभी खत्म नहीं होगा, लेकिन अब देश की जनता सच्चाई समझ चुकी है। देश के लोग समझ रहे हैं कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा सरकार देश की संपत्तियों को चुनिंदा उद्योगपतियों के हाथों बेचने का काम कर रही है।राहुल गांधी ने उद्योगपति गौतम अडानी का नाम लेकर कहा कि एयरपोर्ट, पावर प्लांट, इंफ्रास्ट्रक्चर और यहां तक कि निकोबार द्वीपों तक को निजी हाथों में सौंपा जा रहा है। उन्होंने कहा कि देश की जनता समझ रही है कि भाजपा सरकार अडानी-अंबानी मॉडल पर काम कर रही है, जहां कुछ उद्योगपतियों को फायदा पहुंचाने के लिए नीतियां बनाई जा रही हैं। राहुल गांधी ने कहा कि अडानी कंपनी का नाम मोडानी होनी चाहिए। क्योंकि यह कंपनी बीजेपी का फाइनेेंशियल स्ट्रक्चर है। साथ ही उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी नरेंद्र मोदी को हराएगी, फिर देखना हम क्या कार्रवाई करते हैं। इन्होंने लोकतंत्र खत्म किया है, हम इस बात को भूलने वाले नहीं। उन्होंने कहा कि छोटे उद्योग लगातार बंद हो रहे हैं और चीन का सामान भारत के बाजारों में बेचा जा रहा है।
राहुल गांधी ने एक बार फिर से एपस्टिन फाइल का जिक्र करते हुए कहा कि नरेंद्र मोदी के अनेक सबूत अमेरिका में हैं। अमेरिका के राष्ट्रपति कभी भी उनकी सरकार गिराने की धमकी दे देते हैं। राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विदेश नीति और अमेरिका के साथ हुई कथित डील पर भी सवाल उठाए। उन्होंने दावा किया कि यह समझौता भारत के हितों के खिलाफ है और अमेरिका के दबाव में किया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि कृषि क्षेत्र को अमेरिकी किसानों के लिए खोल दिया गया है, जिससे भारत के छोटे किसान बर्बाद हो जाएंगे। नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने कहा कि अमेरिका के किसानों के पास हजारों एकड़ जमीन होती है, जबकि भारत में छोटे और सीमांत किसान खेती करते हैं। ऐसे में अमेरिकी कृषि उत्पाद भारतीय बाजार में आने से किसानों पर भारी असर पड़ेगा। राहुल गांधी ने कहा कि सरकार ने अमेरिका से हर साल साढ़े नौ लाख करोड़ रुपये का सामान खरीदने की बात कही है, जिससे भारत की फैक्ट्रियां बंद होने का खतरा पैदा होगा। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि तेल खरीद को लेकर भी भारत की स्वतंत्र नीति कमजोर की गई है।
राहुल गांधी ने यह भी कहा कि देश का महत्वपूर्ण डेटा भी सुरक्षित नहीं है। अस्पतालों और अन्य संस्थानों से जुड़ा डेटा अमेरिका को सौंपा जा रहा है। इस पूरी डील से भारत को कोई लाभ नहीं मिला, बल्कि केवल अमेरिका को फायदा हुआ। राहुल गांधी ने अमेरिका में चर्चित एपस्टीन फाइल का जिक्र करते हुए कहा कि उसमें कई बड़े लोगों की जानकारी मौजूद है। उन्होंने दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अडानी से जुड़े मामलों को लेकर भी अमेरिका में चर्चा होती रही है। उन्होंने कहा कि अडाणी समूह पर अमेरिका में जांच चल रही है और पूरी दुनिया जानती है कि भाजपा का आर्थिक ढांचा किन उद्योगपतियों के इर्द-गिर्द घूमता है। उन्होंने सद्भावना यात्रा निकालने के लिए पूर्व सांसद बृजेंद्र सिंह का धन्यवाद किया और कहा कि हरियाणा कांग्रेस पूरी मजबूती से उनके साथ खड़ी है।