नीट-यूजी 2026 के फिजिक्स में प्रश्न व उत्तर पर आपत्ति

Share

कोटा, 07 मई । एनटीए द्वारा आयोजित सबसे बड़ी मेडिकल प्रवेश परीक्षा नीट-यूजी,2026 की प्रोविजनल ‘आंसर की’ बुधवार को जारी कर दी गई। अब परीक्षार्थियों को इस पर आपत्तियां दर्ज करने का अवसर दिया जा रहा है। परीक्षार्थियों ने नीट में अपना स्कोर जानने के लिये आंसर का मिलान किया। पेपर के सवालों के जवाबों को लेकर परीक्षार्थियों ने एलन कॅरियर इंस्टीट्यूट के विषय विशेषज्ञ से चर्चा की। इसमें एक सवाल के जवाब पर एनटीए और एलन संस्थान के शिक्षकों व विद्यार्थियों की राय अलग-अलग सामने आई।

संस्थान के प्रेसिडेंट विनोद कुमावत ने बताया कि प्रोविजनल आंसर-की में फिजिक्स विषय के एक प्रश्न के उत्तर को लेकर विद्यार्थियों ने आपत्ति बताई है। यह प्रश्न सिग्नीफिकेंट फीगर टॉपिक से संबंधित था। विद्यार्थियों और विषय विशेषज्ञों के अनुसार एनटीए द्वारा जारी उत्तर वैज्ञानिक गणनाओं के नियमों के अनुरूप नहीं है। इस संबंध में देशभर के नीट विद्यार्थियों ने एनटीए को आपत्तियां दर्ज करवाई है।

राउंड ऑफ में गलत आ रहा उत्तर-

विषय विशेषज्ञों के अनुसार प्रश्न में गणना करने पर एक्स का मान 7.654 प्राप्त होता है। यदि इसे दो सिग्नीफिकेंट फीगर तक राउंड ऑफ किया जाए तो सही उत्तर 7.7 होना चाहिए, जबकि एनटीए की प्रोविजनल आंसर-की में उत्तर 7.6 दिया गया है। विषय विशेषज्ञों का कहना है कि सिग्नीफिकेंट फीगर्स के नियमों के अनुसार 7.654 को दो सिग्नीफिकेंट फीगर्स तक व्यक्त करने पर अंतिम उत्तर 7.7 ही माना जाएगा। इसी आधार पर विद्यार्थियों ने उत्तर में संशोधन की मांग की है। कोड 11 में प्रश्न संख्या 14, कोड 12 में प्रश्न संख्या 21, कोड 13 में प्रश्न संख्या 42 एवं कोड 14 में प्रश्न संख्या 35 है।