चंडीगढ़, 05 मई । भारत-पाकिस्तान सीमा पर फाजिल्का सेक्टर में खेती करने गया एक किसान हादसे का शिकार हो गया। हाई टेंशन तारों की चपेट में आने से किसान बुरी तरह से झुलस गया। सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के जवानों ने किसान को अस्पताल में भर्ती कराया है।
फाजिल्का के सीमावर्ती गांव मुहार खीवा मनसा निवासी घायल किसान के बेटे बिट्टू सिंह ने बताया कि उनके परिवार की करीब 9 एकड़ जमीन अंतरराष्ट्रीय तारबंदी के उस पार स्थित है, जहां वे रोजाना खेती करने जाते हैं। घटना के दिन भी उनके पिता खेत में काम करने गए थे। इसी दौरान मोटर चलाने के लिए वह ट्रांसफार्मर पर तार लगाने चढ़े, तभी अचानक हाई वोल्टेज करंट की चपेट में आ गए और बुरी तरह झुलस गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों और बीएसएफ जवानों ने तुरंत मदद करते हुए उन्हें अस्पताल पहुंचाया।