पूर्वी सिंहभूम, 03 मई । साकची थाना क्षेत्र स्थित कब्रिस्तान के समीप टाटा स्टील के एक क्वार्टर में रविवार को गैस सिलेंडर में आग लगने की घटना से इलाके में अफरातफरी मच गई। घटना के दौरान गैस रिसाव के कारण आग तेजी से फैलने लगी, जिससे आसपास के लोग दहशत में आ गए। हालांकि समय रहते फायर ब्रिगेड की टीम के पहुंचने से एक बड़ा हादसा टल गया, लेकिन इस घटना में किचन के अंदर रखे सारे सामान जल गए और एक बिल्ली बच्चे की मौत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, क्वार्टर के अंदर रखे गैस सिलेंडर के नोजल के पास अचानक रिसाव शुरू हो गया, जिसके बाद आग लग गई। आग लगते ही आसपास के लोग घरों से बाहर निकल आए और तुरंत इसकी सूचना टाटा स्टील फायर ब्रिगेड को दी गई।
सूचना मिलते ही टाटा स्टील फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। फायरमैनों ने तत्परता दिखाते हुए आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह नियंत्रण पा लिया गया। इस दौरान सुरक्षा के मद्देनजर गैस सिलेंडर को बाहर निकालकर स्थिति को नियंत्रित किया गया।
इस संबंध में टाटा स्टील फायर ब्रिगेड के पदाधिकारी महताब आलम ने बताया कि सूचना मिलते ही टीम तत्काल मौके पर पहुंची और त्वरित कार्रवाई करते हुए आग को फैलने से रोक दिया गया। उन्होंने बताया कि सिलेंडर के नोजल के पास लीकेज होने के कारण आग लगी थी, जिससे स्थिति गंभीर हो सकती थी, लेकिन समय रहते नियंत्रण पा लिया गया।
घटना के दौरान गैस के प्रभाव और आग की चपेट में आने से एक बिल्ली बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई। किचन के अंदर रखे सारे सामान जल गए हैं। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी व्यक्ति के हताहत होने की सूचना नहीं है।