खूंटी, 02 मई । जिले के अड़की थाना क्षेत्र में पिछले दिनों चंबरा मुंडा नामक युवक की हुई हत्या मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपित रुका मुंडा (18) निवासी ग्राम घाघरा थाना अड़की ने पुलिस पूछताछ के दौरान अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर चंबरा मुंडा की हत्या की बात स्वीकार कर ली है। यह जानकारी पुलिस अधीक्षक ऋषभ गर्ग ने शनिवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में दी।
पुलिस के अनुसार गत 18 अप्रैल को बिरबांकी घाघरा रोड में डकरापीड़ी के पास पोटोबेड़ा गांव निवासी चंबरा मुंडा की अज्ञात अपराधियों ने हत्या कर दी थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए अड़की थाना में मामला दर्ज कर विशेष टीम गठित की गई।
गठित टीम ने वैज्ञानिक और तकनीकी अनुसंधान के आधार पर छापेमारी अभियान चलाया गया। इसी क्रम में संदिग्ध उक्त आरोपित को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, तो उसने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर हत्या की घटना को अंजाम देने की बात स्वीकार की। गिरफ्तार आरोपित ने बताया कि पैसा लूटने के उद्देश्य से चंबरा मुंडा की हत्या की गई थी। आरोपित के अनुसार बिरबांकी बाजार में चंबरा मुंडा को काफी मात्रा में हड़िया पिलाने के बाद रात करीब 10 बजे उसे बाइक से सुनसान स्थान पर ले जाया गया जहां उसकी हत्या कर उसके पास से करीब 10 हजार रुपये नकद और मोबाइल फोन लूट लिया गया। आरोपित को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया, जबकि इस घटना में शामिल अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की छापेमारी जारी है।
खूंटी एसडीपीओ वरुण रजक के नेतृत्व में गठित छापामार टीम में अड़की थाना प्रभारी प्रवीण कुमार तिवारी, एसआई मनीष कुमार समेत सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।
एसपी ने कहा कि इस हत्याकांड में शामिल अन्य आरोपितों को भी जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।