खूंटी, 02 मई । मुरहू थाना क्षेत्र में पिछले दिनों एक नाबालिग के साथ हुए दुष्कर्म की घटना पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपित मासी समद को शनिवार को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, 13 अप्रैल को हुई इस घटना के संबंध में पीड़िता के पिता ने 15 अप्रैल को मुरहू थाना में दिए गए लिखित आवेदन पर मुरहू थाना में मामला दर्ज कराया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एसडीपीओ के नेतृत्व में विशेष जांच टीम का गठन किया गया।
जांच टीम ने तकनीकी साक्ष्य और गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपित मासी समद को गिरफ्तार कर लिया। यह जानकारी एसपी ऋषभ गर्ग ने देते हुए बताया कि आरोपित को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है और मामले में आगे की जांच जारी है।
छापेमारी दल में खूंटी एसडीपीओ के अलावा खूंटी अंचल के पुलिस निरीक्षक, मुरहू थाना प्रभारी सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी और तकनीकी शाखा की टीम शामिल थे।
एसपी ने कहा कि महिला एवं बच्चों से जुड़े अपराधों पर सख्ती से कार्रवाई जारी रहेगी और दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।