मई में सामान्य से 110 प्रतिशत अधिक बारिश, आईएमडी का पूर्वानुमान

Share

नई दिल्ली, 01 मई । भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार मई का महीना देश के अधिकांश हिस्सों के लिए राहत और चुनौतियों का मेल भरा रहेगा। एक तरफ जहां पश्चिमी विक्षोभ के कारण बारिश की अधिक संभावना है, वहीं कुछ राज्यों में लोगों को सामान्य से अधिक हीटवेव का सामना करना पड़ सकता है।

मई के लिए अनुमान जारी करते हुए शनिवार को भारतीय मौसम विभाग ने सामान्य से 110 प्रतिशत अधिक बारिश का अनुमान जताया है। विभाग ने बताया कि पूरे देश में औसत बारिश सामान्य से अधिक होने के संभावना है। साल 1971 से 2020 के आंकड़ों के आधार पर मई में औसतन 61.4 मिमी बारिश दर्ज की गई है। विभाग के अनुसार देश में अधिकांश स्थानों पर सामान्य से अधिक बारिश रहेगी सिवाय पूर्वी और पूर्वोत्तर भारत तथा पूर्वी मध्य भारत के कुछ हिस्सों में बारिश सामान्य से कम रहेगी।

वहीं, गर्मी की बात करें तो देश के अधिकांश राज्यों में अधिकतम तापमान सामान्य से कम रहने की संभावना है। लेकिन मई के महीने में गंगा के मैदानी क्षेत्र, पूर्वी तटीय राज्यों, गुजरात, और महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों में सामान्य से अधिक गर्मी वाले दिन रहने की संभावना है। गुजरात, महाराष्ट्र, कर्नाटक, तटीय ओडिशा, पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु और आंध्र प्रदेश के कुछ अलग-अलग इलाकों में सामान्य से अधिक दिनों तक हीट वेब रहने की संभावना है। हिमालयी राज्यों में 3-4 दिन अतिरिक्त हीटवेव चलने और मानसून के दौरान अल-नीनो सक्रिय होने की भी चेतावनी दी गई है।

वहीं, देश के अधिकांश राज्यों में न्यूनतम तापमान सामान्य से अधिक रहने की संभावना है। लेकिन उत्तर-पश्चिमी भारत के कई हिस्से, मध्य भारत और प्रायद्वीपीय क्षेत्र के कुछ हिस्से, पूर्वोत्तर भारत के दक्षिणी हिस्से हैं, जहां न्यूनतम तापमान सामान्य या सामान्य से नीचे रहने की संभावना है।