ठियोग में बोलेरो खाई में गिरी, दो लोग घायल

Share

शिमला, 01 मई । शिमला जिले के ठियोग क्षेत्र में एक सड़क हादसे में दो लोग घायल हो गए हैं। पुलिस के अनुसार यह दुर्घटना वीरवार की रात चालावोग नाले के पास हुई, जहां एक बोलेरो गाड़ी (HP72-4345) अनियंत्रित होकर सड़क से करीब 15 फीट नीचे लिंक रोड पर जा गिरी।

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची। जांच में सामने आया कि हादसे के समय गाड़ी में दो लोग सवार थे। इनमें राजेश श्याम, निवासी गांव शिलारू, तहसील ठियोग, जिला शिमला, और परविंदर, निवासी बद्दी, जिला सोलन शामिल हैं। दोनों को हादसे में चोटें आई हैं और उनका अस्पताल में इलाज चल रहा है।

प्रारंभिक जांच के आधार पर पुलिस ने बताया कि हादसा तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के कारण हुआ। इस मामले में पुलिस थाना ठियोग में भारतीय न्याय संहिता की धारा 281 और 125(ए) के तहत मामला दर्ज किया गया है।

फिलहाल मामले की जांच हेड कांस्टेबल विनोद द्वारा की जा रही है और हादसे के कारणों की विस्तृत पड़ताल जारी है।