(अपडेट) लूट और हत्या मामले का मुख्य आराेपित इनामी बदमाश मुठभेड़ में ढेर, थाना प्रभारी घायल

Share

देहरादून, 30 अप्रैल (हि. स.)। नगर के प्रेमनगर क्षेत्र में लूट और जानलेवा हमले की सनसनीखेज वारदात के आराेपित काे पुलिस ने एक मुठभेड़ में मार गिराया। इस मुठभेड़ में थाना प्रभारी गोली लगने से घायल हुए हैं। मामले के फरार आरोपियों की तलाश में सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। मुठभेड में मारा गया बदमाश वर्ष 2014 में बालावाला में हुए अंकित हत्याकांड का मुख्य आराेपित था।

गढ़वाल परिक्षेत्र पुलिस के पुलिस महानिरीक्षक राजीव स्वरूप और देहरादून के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक परमेंद्र सिंह डोबाल ने आज दोपहर में एसएसपी के कार्यालय में प्रेमनगर क्षेत्र में देर रात हुई मुठभेड़ काे लेकर संयुक्त पत्रकार वार्ता की। पुलिस के अनुसार 29-30 अप्रैल की रात पौंधा रोड पर ठेकेदारी का कार्य करने वाले देवराज को अज्ञात बदमाशों ने गोली मारकर करीब दो लाख रुपये, मोबाइल और जरूरी दस्तावेज लूट लिए थे।इसकी सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची घायल देवराज काे अस्पताल में भर्ती कराया और बदमाशों का पीछा किया। जंगल क्षेत्र में पुलिस की घेराबंदी के दौरान कार सवार बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। इस फायरिंग में प्रेमनगर के थाथ प्रभारी निरीक्षक नरेश राठाैर को गोली लग गई। इसके बाद आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी फायरिंग में एक बदमाश घायल हो गया, जबकि उसके साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। मुठभेड़ स्थल से पुलिस ने एक देसी पिस्टल, एक तमंचा, कारतूस, घटना में प्रयुक्त कार और लूटी गई पूरी नकदी बरामद की है।

पुलिस ने घायल बदमाश और थाना प्रभारी काे तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन उपचार के दौरान बदमाश की मौत हो गई। पुलिस की गाेली

से मारे गए बदमाश की पहचान उत्तर प्रदेश के शामली निवासी अकरम के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार उस पर हत्या, डकैती, लूट समेत एक दर्जन से अधिक गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। वर्ष 2014 में बालावाला क्षेत्र में हुए चर्चित अंकित हत्याकांड में भी वह मुख्य आरोपी था, जिसमें डकैती के दौरान युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। अकरम इस घटना के बाद से लंबे समय तक फरार रहा और उस पर पुलिस ने 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। पुलिस फरार अन्य आरोपिताें की गिरफ्तारी के लिए लगातार काेशिश कर रही है और उनके गैंग के अन्य सदस्यों के बारे में भी जानकारी जुटा रही है।