बीजापुर, 27 अप्रैल । जिले में “गाै-माता राष्ट्रमाता आंदोलन” और “गौ सम्मान आह्वान अभियान” के तहत व्यापक हस्ताक्षर अभियान चलाया गया। समर्थकों का मानना है कि गाय केवल एक पशु नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति में आस्था का केंद्र और पोषण का आधार है, इसलिए उसे माँ का दर्जा देकर सेवा, सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित किया जाना चाहिए।
आज सोमवार को जिला मुख्यालय में गायत्री परिवार से जुड़े लोगों ने गाय और बछड़े के साथ रैली निकाली और कलेक्ट्रेट पहुंचकर बीजापुर एसडीएम जागेश्वर कौशल को राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। अभियान के तहत जिले की सभी तहसीलों में घर-घर, मंदिरों और देवालयों में हस्ताक्षर कराए गए, जिसमें 10,847 लोगों ने समर्थन दिया। प्रतिनिधिमंडल ने एसडीएम के माध्यम से प्रार्थना पत्र सौंपते हुए गोवंश की सेवा, सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित करने की मांग की।
सौंपे गए ज्ञापन में छत्तीसगढ़ में अखिल वेदलक्षणा गोमाता (सम्पूर्ण देशी गोवंश) की विधिवत सेवा, पूर्ण सुरक्षा, राज्य माता घोषित करने, ‘राष्ट्रमाता’ के सम्मान हेतु केंद्र सरकार को अनुशंसा भेजने तथा राज्य में गो-आधारित अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ करने का निवेदन किया गया है। ज्ञापन में कहा गया है कि गोवंश ग्रामीण जनजीवन, कृषि और अर्थव्यवस्था की रीढ़ है तथा जैविक खेती और प्राकृतिक कृषि को बढ़ावा देकर किसानों को आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।
इस दौरान जयपाल सिंह राजपूत, खेमिनी यादव, अर्चना सिंह, मोहिनी साहू, विजय बहादुर राजभर, अर्जुन वेको, राहुल गुप्ता, राजू गांधी, कैलाश सहित अन्य लोग मौजूद थे। इसी क्रम में भोपालपटनम, भैरमगढ़ और उसूर तहसील में भी ज्ञापन सौंपा गया, जहां लोगों ने अभियान को समर्थन दिया।