गौ संरक्षण के समर्थन में धमतरी में रैली, राष्ट्रपति-प्रधानमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन - सरस जनवाद

गौ संरक्षण के समर्थन में धमतरी में रैली, राष्ट्रपति-प्रधानमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन

Share

धमतरी, 27 अप्रैल ।गौ संरक्षण को लेकर देशभर में चल रहे राष्ट्रव्यापी अभियान के तहत सोमवार को धमतरी में भी व्यापक जनसमर्थन देखने को मिला। हिन्दू जागरण मंच और गौ सेवकों के नेतृत्व में बड़ी संख्या में सोमवार को धर्मप्रेमियों ने एकजुट होकर रैली निकाली और राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री तथा मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपकर ठोस पहल की मांग उठाई।

“गौ सम्मान आह्वान अभियान” के अंतर्गत आयोजित इस कार्यक्रम में शहर के गौशाला मैदान में लोगों की भीड़ जुटी, जहां से गांधी मैदान तक रैली निकाली गई। रैली के दौरान गौ संरक्षण के समर्थन में नारे गूंजते रहे और जागरूकता का संदेश दिया गया। इसके बाद तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि भारतीय संस्कृति, अर्थव्यवस्था, मानव स्वास्थ्य, विषमुक्त कृषि और पर्यावरण संतुलन में गाय का महत्वपूर्ण स्थान रहा है। सदियों से गोवंश भारतीय परंपराओं का अभिन्न हिस्सा रहा है, लेकिन वर्तमान समय में उचित संरक्षण और संवर्धन के अभाव में इसकी स्थिति चिंताजनक हो गई है। ऐसे में गोवंश के संरक्षण, सुरक्षा और संवर्धन के लिए ठोस और प्रभावी कदम उठाए जाने की आवश्यकता बताई गई।

अभियान से जुड़े लोगों ने मांग की कि देशभर में गोवंश को सुरक्षित, स्वस्थ और सम्मानजनक जीवन सुनिश्चित करने के लिए नीति स्तर पर मजबूत निर्णय लिए जाएं। इस अवसर पर महेश रोहरा, सुबोध राठी, हेमराज सोनी, दीपक ठाकुर, हरिशरण वैष्णव, मोहन साहू, पुरुषोत्तम निषाद, डाकेश्वर साहू, चित्रेश साहू, अभिषेक साहू, सत्यम सिन्हा, संजय साहू, संस्कार साहू, गजेन्द्र साहू, गोदावरी साहू, कुशांक साहू, सनत साहू, रामचंद देवांगन, कमलनारायण सहित बड़ी संख्या में संत समाज, सर्व हिन्दू समाज, हिन्दू जागरण मंच के कार्यकर्ता और गौसेवक मौजूद रहे।