जयपुर, 27 अप्रैल । राजस्थान में गर्मी लगातार विकराल रूप लेती जा रही है। रविवार को बाड़मेर में सीजन का सबसे अधिक तापमान 46.4 डिग्री सेल्सियस मापा गया, जो इस साल का अब तक का सबसे ऊंचा स्तर है। खास बात यह है कि पिछले 12 वर्षों में यह तीसरी बार है जब यहां तापमान 46 डिग्री के पार पहुंचा है।
प्रदेश के कई शहरों में भीषण गर्मी का असर देखने को मिला। जैसलमेर में भी पारा 46 डिग्री के आसपास रहा, जबकि कोटा और चित्तौड़गढ़ में 45.2 डिग्री सेल्सियस तापमान मापा गया।
रविवार को राज्य के आठ शहरों में अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। जोधपुर में पारा 44.7 डिग्री रहा। वहीं कोटा में 8 साल बाद अप्रैल का सबसे गर्म दिन मापा गया।
दिनभर की तेज गर्मी के बाद शाम होते-होते मौसम ने करवट ली। अजमेर, जोधपुर, जैसलमेर, बीकानेर, भीलवाड़ा और चित्तौड़गढ़ में बादल छाने के साथ धूलभरी हवाएं चलीं और कई जगह हल्की बारिश भी हुई, जिससे लोगों को थोड़ी राहत मिली।
मौसम विभाग ने 27 अप्रैल को राज्य के पांच जिलों में आंधी-बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। इसके साथ ही दिन और रात दोनों समय हीटवेव चलने की संभावना जताई गई है। हालांकि 28 से 30 अप्रैल के बीच राहत के संकेत हैं। इस दौरान कई इलाकों में आंधी, बारिश और कहीं-कहीं ओलावृष्टि भी हो सकती है।
भीषण गर्मी को देखते हुए कई जगहों पर राहत के इंतजाम किए जा रहे हैं। श्रीगंगानगर-हनुमानगढ़ हाईवे पर ठंडे पानी की व्यवस्था की गई है, वहीं कोटा में नगर निगम ने अस्थायी आश्रय स्थल शुरू किए हैं।