यमुनानगर, 26 अप्रैल यमुनानगर के मुकारमपुर गांव स्थित एक टायर प्लांट में आग से हजारों क्विंटल स्टॉक नष्ट हो गया।सूचना मिलते ही दमकल विभाग की 16 से अधिक गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कई घंटों के प्रयास के बाद सुबह तक आग पर काबू पाया जा सका। घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, हालांकि प्लांट में रखा भारी मात्रा में टायरों का स्टॉक पूरी तरह जल गया।
प्रारंभिक अनुमान के अनुसार लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। आग की चपेट में आसपास के कुछ खेत भी आ गए। प्लांट मालिक के अनुसार, इकाई 21 अप्रैल से बंद थी और केवल श्रमिक परिसर में मौजूद थे। रविवार अलसुबह कर्मचारियों ने स्टॉक क्षेत्र में आग देखी, जो देखते ही देखते विकराल रूप ले गई। श्रमिकों ने अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली।
मालिक ने आरोप लगाया कि दमकल को सूचना देने के बावजूद राहत दल को मौके पर पहुंचने में विलंब हुआ, जिससे नुकसान बढ़ गया। वहीं, दमकल कर्मियों का कहना है कि सूचना मिलते ही टीमें रवाना कर दी गई थीं और आग की तीव्रता के कारण कई गाड़ियों की आवश्यकता पड़ी।
बताया गया है कि आग में करीब 8 हजार क्विंटल टायर नष्ट हो गए, जबकि एक ट्रैक्टर भी इसकी चपेट में आ गया। प्लांट के मशीनरी हिस्से के सुरक्षित रहने को लेकर मालिक ने घटना में साजिश की आशंका जताई है। सूचना मिलने पर पुलिस टीम भी मौके पर पहुंची और जांच प्रारंभ कर दी। आग लगने के कारणों का पता लगाने के लिए सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।