ट्रेनों की लेटलतीफी के खिलाफ टाटानगर में चला हस्ताक्षर अभियान

Share

पूर्वी सिंहभूम, 26 अप्रैल । यात्री ट्रेनों की लगातार हो रही लेटलतीफी के विरोध में रविवार को टाटानगर स्टेशन परिसर में रेल यात्री संघर्ष समिति की ओर से व्यापक हस्ताक्षर अभियान चलाया गया। भीषण गर्मी के बावजूद बड़ी संख्या में यात्रियों ने इसमें भाग लिया। अभियान की शुरुआत जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने स्वयं हस्ताक्षर कर की। इसके बाद यात्रियों ने उत्साहपूर्वक ह्वाइट बोर्ड और फॉर्म पर अपने हस्ताक्षर दर्ज कर विरोध जताया। कई लोगों ने मौके पर ही वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा किया।

सुबह से ही स्टेशन परिसर में लोगों की भीड़ जुटने लगी थी। प्लेटफॉर्म से बाहर निकलने वाले अधिकांश यात्रियों ने इस अभियान में हिस्सा लिया। हस्ताक्षर के लिए दो स्थान बनाए गए थे। एक प्लेटफॉर्म नंबर एक के प्रवेश मार्ग के पास और दूसरा टिकट बुकिंग कार्यालय के समीप। डिजिटल माध्यम से भी समर्थन दर्ज किया गया, जहां लोगों ने क्यूआर कोड स्कैन कर अपनी सहमति दी।

इस दौरान सरयू राय ने रेलवे अधिकारियों के रवैये को चिंताजनक बताते हुए कहा कि यात्री ट्रेनों की अनदेखी कर मालगाड़ियों को प्राथमिकता देना गलत है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि स्थिति में सुधार नहीं हुआ तो आंदोलन और उग्र होगा। उन्होंने यह भी कहा कि जरूरत पड़ी तो रेल पटरियों पर बैठकर विरोध किया जाएगा।

संघर्ष समिति के संयोजक शिवशंकर सिंह ने भी रेलवे प्रशासन के नकारात्मक रवैये की आलोचना करते हुए कहा कि आंदोलन को दबाया नहीं जा सकता। आफताब अहमद सिद्दिकी, सुबोध श्रीवास्तव, कन्हैया सिंह और अजय कुमार सहित कई लोगों ने रेलवे पर यात्रियों की उपेक्षा का आरोप लगाया।

अभियान में आशुतोष राय, अमृता मिश्रा, अमित शर्मा, नीरज सिंह, प्रकाश कोया, राजेश प्रसाद, अंजली सिंह, कौशल, निर्मल सिंह, रणजीत प्रसाद, दुर्गा राव, जीतेंद्र सिंह, विकास सहनी, मनोज सिंह, तारक मुखर्जी, शेषनाथ पाठक सहित सैकड़ों लोग शामिल हुए।