डकैतों से भिड़े गृहस्वामी, बेटे को लगी गोली

Share

जिले के अड़की सीमा से सटे मुरहू थाना क्षेत्र के डेहकेला गांव में शनिवार रात डकैती की कोशिश को ग्रामीणों ने नाकाम कर दिया। इस दौरान गृहस्वामी केदार अहीर ने साहस दिखाते हुए डकैतों का मुकाबला किया, जिसमें उनके बेटे रूसू अहीर को गोली लग गई। हालांकि, इस संघर्ष में एक डकैत खुदीराम ओड़ेया को ग्रामीणों ने पकड़ लिया।

घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार, केदार अहीर शनिवार को सरवादा बाजार से गुलगुला-पकौड़ी बेचकर घर लौटे थे। इसी बीच छह-सात बाइक पर सवार होकर आए हथियारबंद डकैतों ने उनके घर पर धावा बोल दिया। डकैतों ने पिस्टल तानकर गोली चलाने की कोशिश की, लेकिन तीन बार ट्रिगर दबाने के बावजूद गोली नहीं चली। इसी मौके का फायदा उठाते हुए केदार ने साहस दिखाया और पत्नी से डंडा मंगाकर डकैतों से भिड़ गए।

संघर्ष के दौरान जब केदार का बेटा रूसू अहीर एक डकैत को पकड़ने लगा, तभी दूसरे डकैत ने उस पर गोली चला दी, जो उसके जांघ के पास लगी। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर जुट गए, जिन्हें देख डकैत भागने लगे। इस दौरान ग्रामीणों ने एक डकैत को पकड़ लिया और उसकी पिटाई कर दी।

बताया जाता है कि ग्रामीण आरोपी का ‘सेंदरा’ करने के मूड में थे, लेकिन पुलिस की तत्परता से स्थिति बिगड़ने से बच गई। सूचना मिलते ही एसडीपीओ वरुण कुमार रजक और मुरहू थाना प्रभारी नायाल गोडविन केरकेट्टा मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया।

घायल रूसू अहीर और पकड़े गए डकैत खुदीराम ओड़ेया को खूंटी सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन उसकी स्थिति को देखते हुए उसे रिम्स रांची रेफर कर दिया गया। पुलिस ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि फरार अन्य डकैतों की पहचान कर गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।रविवार को गांव में इस घटना को लेकर ग्रामीणों की बैठक भी हुई, जिसमें सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चर्चा की गई।