सूरजपुर : पर्यटन विकास को गति, 27 स्थलों के लिए बनी कार्ययोजना

Share

सूरजपुर, 22 अप्रैल । जिले में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए जिला स्तरीय पर्यटन समिति की बैठक में ठोस कार्ययोजना तैयार की गई। कलेक्टर की अध्यक्षता में आज हुई बैठक में चिन्हित 27 पर्यटन स्थलों के समग्र विकास और पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया।

बैठक में पूर्व निर्णयों की समीक्षा के साथ कुदरगढ़ और केनापारा में मास्टर प्लान के तहत विकास कार्यों को गति देने का निर्णय लिया गया। रकसगंडा क्षेत्र में वेलकम गेट, साइनेज बोर्ड, सड़क निर्माण, यात्री प्रतीक्षालय और जलप्रपात के पास सुरक्षा रैलिंग लगाने की योजना बनाई गई। इसके अलावा कुमेली घाट, लफरी घाट और पहाड़गांव में भी बुनियादी सुविधाओं के विस्तार पर सहमति बनी।

धार्मिक और ऐतिहासिक स्थलों के विकास पर भी विशेष फोकस किया गया। माँ महामाया मंदिर, समलाई मंदिर, देवपहरीधाम, दियागढ़, सरनादेव सहित अन्य प्रमुख स्थलों पर शेड, पेयजल, प्रतीक्षालय और साइनेज जैसी सुविधाएं विकसित की जाएंगी। वहीं सीतालेखनी, जोगीमाड़ा और अन्य प्राकृतिक-पुरातात्विक स्थलों पर भी आधारभूत सुविधाओं का विस्तार प्रस्तावित है।

पर्यटन स्थलों पर स्वच्छता और सुविधा बढ़ाने के लिए डस्टबिन, आधुनिक शौचालय, लाइटिंग व्यवस्था और होम स्टे को बढ़ावा देने पर जोर दिया गया। साथ ही रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और प्रमुख स्थानों पर पर्यटन संकेतक बोर्ड लगाने का निर्णय लिया गया, जिससे पर्यटकों को जानकारी आसानी से मिल सके।

बैठक में जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया कि इन योजनाओं के क्रियान्वयन से न केवल पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।