सूरजपुर : ई-केवाईसी में सुस्ती पर कलेक्टर सख्त, पारदर्शी राशन वितरण के निर्देश

Share

सूरजपुर, 22 अप्रैल । खाद्य विभाग की समीक्षा बैठक में कलेक्टर एस. जयवर्धन ने सार्वजनिक वितरण प्रणाली को पारदर्शी और प्रभावी बनाने पर जोर देते हुए ई-केवाईसी कार्य में धीमी प्रगति पर कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी राशन कार्ड धारकों का शत-प्रतिशत ई-केवाईसी शीघ्र पूरा किया जाए, ताकि कोई भी पात्र हितग्राही लाभ से वंचित न रहे।

बैठक में अप्रैल से जून 2026 तक खाद्यान्न वितरण, धान उठाव और चावल जमा की स्थिति की विस्तार से समीक्षा की गई। कलेक्टर ने भंडारण व्यवस्था, उचित मूल्य दुकानों के भौतिक सत्यापन और उन पर की गई कार्रवाई की भी जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि नियमित निरीक्षण कर प्रतिवेदन प्रस्तुत करें, जिससे किसी भी प्रकार की अनियमितता पर तत्काल रोक लगाई जा सके।

कलेक्टर ने कहा कि राशन वितरण प्रणाली में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए ई-पॉस मशीनों का नियमित उपयोग, ऑनलाइन ट्रांजेक्शन और रीयल टाइम मॉनिटरिंग को अनिवार्य रूप से लागू किया जाए। साथ ही शिकायत निवारण तंत्र को और अधिक सक्रिय एवं प्रभावी बनाने के निर्देश दिए।

उन्होंने दोहराया कि शासन की मंशा के अनुरूप सभी पात्र हितग्राहियों तक योजनाओं का लाभ समय पर पहुंचे, इसके लिए विभागीय समन्वय और जवाबदेही सुनिश्चित करना आवश्यक है।