बरेली में 100 से ज्यादा दरोगाओं के तबादले, सिपाही की गर्भवती पत्नी पर अभद्र टिप्पणी करने वाले इंस्पेक्टर भी हटाये गये

Share

बरेली, 21 अप्रैल । कानून-व्यवस्था को मजबूत करने और पुलिसिंग में नई धार लाने के उद्देश्य से बरेली के एसएसपी अनुराग आर्य ने बड़ा प्रशासनिक कदम उठाया है। एक ही आदेश में 8 इंस्पेक्टर और 106 दरोगाओं के कार्यक्षेत्र बदल दिए गए हैं। इसके साथ ही सिपाही की गर्भवती पत्नी पर अभद्र टिप्पणी को लेकर इंस्पेक्टर प्रेमनगर सुरेंद्र सिंह को भी हटा दिया है ।

जारी आदेश के अनुसार, वरुण कुमार को क्योलड़िया, सुरेंद्र कुमार को सुभाषनगर, लव सिरोही को नवाबगंज, राजबली को भोजीपुरा और नरेश कश्यप को विशारतगंज में इंस्पेक्टर क्राइम की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं जसवीर बालियान को सीओ तृतीय, विपिन कुमार को सीओ मीरगंज और राजेश कुमार को सीओ हाईवे कार्यालय भेजा गया है। अधिकारियों का मानना है कि इन बदलावों से थानों की कार्यशैली में सुधार और अपराध नियंत्रण में तेजी आएगी।

एसएसआई स्तर पर भी व्यापक बदलाव किए गए हैं। श्रीनिवास को मीरगंज, सतीश कुमार को शाही, वीर सिंह को कोतवाली, धर्मेंद्र विश्नोई को इज्जतनगर, जितेंद्र कुमार को सीबीगंज, विपिन कुमार को देवरनियां और नवदीप कुमार को सुभाषनगर में नई जिम्मेदारी दी गई है। इसके अलावा मुकेश कुमार को महिला थाना, श्रीपाल को सिरौली, कृपाल को भुता, आनंद प्रकाश को बिथरी चैनपुर, उमेश चंद्र को बहेड़ी, धर्मेंद्र को शीशगढ़ और सुनील कुमार को फरीदपुर का एसएसआई बनाया गया है।

चौकी स्तर पर भी बड़े पैमाने पर फेरबदल किया गया है। जाकिर अली को गढ़ी चौकी, मयंक भारद्वाज को सेटेलाइट चौकी, दयानंद शर्मा को फरीदपुर, मुनेंद्र सिंह को जगतपुर, कुशलपाल को जोगी नवादा और अमित कुमार को शाही थाना भेजा गया है। विजयपाल को कैंट, पवन कुमार को धौराटांडा, राहुल शर्मा को रिठौरा, वैभव गुप्ता को स्टेशन चौकी और गौरव अत्री को देवरनिया चौकी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके अलावा सौरभ यादव को क्योलड़िया, अक्षय त्यागी को सद्भावना चौकी प्रेमनगर और वीरेश को नवाबपुरा सिरौली चौकी का प्रभारी बनाया गया है।

महिला थाना से लेकर देहात क्षेत्रों तक भी नई तैनाती की गई है। पूजा गोस्वामी को थाना भमोरा, आदेश कुमार को फतेहगंज पश्चिमी चौकी, अनूप सिंह को कुतुबखाना, राजीव शर्मा को चौराहा कोतवाली, नितिन राणा को रुहेलखंड और प्रमोद को कानूनगोयान चौकी भेजा गया है। नितेश चौधरी को कुंडरा कोठी, चेतन सिंह को सीबीगंज, बॉबी कुमार को कस्बा बहेड़ी, त्रिवेंद्र कुमार को लाल फाटक और नवनीत को बैरियर वन इज्जतनगर चौकी का प्रभारी बनाया गया है। सेटेलाइट चौकी प्रभारी विनय बहादुर को हटाकर भोजीपुरा थाना भेज दिया गया है, जबकि उनकी जगह मयंक भारद्वाज को जिम्मेदारी दी गई है।

वहीं, किला चौकी प्रभारी प्रणव श्रोतिया को खनन से जुड़े वाहनों से वसूली के आरोप में जांच के बाद दोषी पाए जाने पर लाइनहाजिर कर दिया गया है। उनके साथ दो सिपाहियों पर भी कार्रवाई की गई है। इसके अलावा भोजीपुरा के दरोगा संदेश यादव और नरायणनगला चौकी बहेड़ी के प्रभारी राजेश कुमार सिंह को भी लाइन भेजा गया है।

हटाये गये इंस्पेक्टर

प्रेमनगर थाने में तैनात इंस्पेक्टर सुरेंद्र सिंह ने ड्यूटी के दौरान हुए विवाद में आपत्तिजनक टिप्पणी कर दी। जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया। सार्वजनिक रूप से हुई इस टिप्पणी से आहत सिपाही ने पूरे प्रकरण को थाना रजिस्टर में दर्ज कराया। मामला उच्चाधिकारियों तक पहुंचते ही कार्रवाई शुरू हो गई। एसएसपी अनुराग आर्य ने बिना देरी किए इंस्पेक्टर सुरेंद्र सिंह यादव से थाना प्रभारी का चार्ज वापस ले लिया और उन्हें प्रेमनगर थाने में ही इंस्पेक्टर क्राइम के पद पर संबद्ध कर दिया।