डाइट में जिलास्तरीय कार्यक्रम में 101 नवाचारी शिक्षक हुए सम्मानित

Share

अररिया 20 अप्रैल। फारबिसगंज स्थित जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान में सोमवार को आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में 101 नवाचारी शिक्षकों को सम्मानित किया गया।टीवीटी मंच के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य शिक्षा के क्षेत्र में नवाचार को बढ़ावा देना और उत्कृष्ट कार्य कर रहे शिक्षकों को सम्मानित करना था।

कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन कोशी क्षेत्र के निवर्तमान एमएलसी नीतीश कुमार यादव ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर उन्होंने शिक्षकों की भूमिका को समाज के निर्माण में अत्यंत महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि नवाचार ही शिक्षा को प्रभावी और रुचिकर बनाता है।

कार्यक्रम में उपस्थित फारबिसगंज विधायक मनोज विश्वास ने अपने संबोधन में कहा कि बदलते समय के साथ शिक्षा पद्धति में नवाचार बेहद जरूरी है। उन्होंने शिक्षकों से नई तकनीकों और रचनात्मक तरीकों को अपनाने की अपील की, ताकि विद्यार्थियों को बेहतर और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिल सके।

वहीं पूर्णिया के एसडीपीओ मनीष कुमार वर्मा ने नवाचारी शिक्षकों की सराहना करते हुए कहा कि शिक्षक समाज के मार्गदर्शक होते हैं और उनके प्रयासों से ही छात्रों का भविष्य संवरता है। उन्होंने सभी सम्मानित शिक्षकों को बधाई देते हुए उनके कार्यों को प्रेरणादायक बताया।

कार्यक्रम के दौरान सम्मानित शिक्षक सह कवि संजीत कुमार निगम एवं टीबीटी जिलाध्यक्ष के विद्यालय आगमन पर प्रधान शिक्षक मिथिलेश कुमार सिंह, पूर्व प्रधानाध्यापक कुमार राजीव रंजन, शिक्षक रंजीत कुमार मंडल तथा बाल मंच के बच्चों द्वारा पुष्पमाला और पुष्पगुच्छ देकर भव्य स्वागत किया गया।

कार्यक्रम में डायट के प्राध्यापक एवं टीबीटी मंच के उपाध्यक्ष सौरव कुमार, सबिता कुमारी, सचिव सिंधु कुमारी, उप सचिव रिंजू कुमारी, ऋतु कुमारी, अभिलाषा कर्ण, रीना देवी, मीडिया प्रभारी सुनील कुमार रजक, कोषाध्यक्ष अर्चना कुमारी सहित जिले भर से आए सैकड़ों शिक्षक उपस्थित रहे।