ट्रक से केलों के बीच गांजा तस्करी करते आराेपित गिरफ्तार, नाै क्विंटल 12 किलो गांजा जब्त

Share

महासमुंद, 18 अप्रैल । महासमुंद पुलिस और एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स ने शनिवार काे ऑपरेशन निश्चय के तहत कार्रवाई करते हुए ट्रक से केलों के बीच गांजा तस्करी करते झारखंड के आरोपित को गिरफ्तार किया है। ट्रक से 912.760 किलोग्राम (लगभग 9 क्विंटल 12 किलो) गांजा जब्त किया गया है, जिसकी अनुमानित कीमत चार करोड़ 56 लाख 38 हजार रुपये बताई जा रही है।

पुलिस को सूचना मिली थी कि ओडिशा से एक वाहन के जरिए गांजा तस्करी की जा रही है। सूचना के आधार पर बसना थाना क्षेत्र में पलसापाली बैरियर के पास नाकाबंदी कर एक ट्रक आईशर प्रो 2059 वाहन (एपी 39 टीटी 4556) को रोका गया। जांच के दौरान वाहन में लदे केले के बीच 29 बोरियों में छिपाकर गांजा रखा गया था। पुलिस ने मौके से सभी बोरियों को जब्त किया। इस कार्रवाई में गांजा परिवहन में प्रयुक्त वाहन समेत कुल 4 करोड़ 66 लाख 45 हजार रुपए की संपत्ति जब्त की गई है।

तस्करों ने पुलिस से बचने के लिए वाहन में ओडिशा और उत्तरप्रदेश के फर्जी नंबर प्लेट (ओडी 02 डीजे 8517 और यूपी 93 सीटी 8365) भी लगा रखे थे, जिन्हें भी जब्त किया गया है। मामले में पुलिस ने झारखंड निवासी आरोपित अब्दुल नईम (42 वर्ष) को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में सामने आया कि गांजा ओडिशा से लाकर उत्तरप्रदेश सप्लाई किया जाना था। आरोपित के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी)(ii)(सी) सहित भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की अन्य धाराओं में अपराध दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर भेजने की कार्रवाई की जा रही है।

महासमुंद पुलिस के अनुसार पिछले तीन महीनों में 72 मामलों में 5629.602 किलो गांजा जब्त किया गया है और 187 आरोपिताें को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें 135 आरोपित अन्य राज्यों के हैं। पुलिस द्वारा तस्करी के नेटवर्क, सोर्स और डेस्टिनेशन पॉइंट पर लगातार कार्रवाई की जा रही है, जिससे जिले में नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाया जा रहा है।