चित्तौड़गढ़, 18 अप्रैल । भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं चित्तौड़गढ़ सांसद सीपी जोशी ने लोकसभा में महिला आरक्षण से जुड़े मुद्दे पर कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि कांग्रेस की चाल, चरित्र और चेहरा हमेशा से ही महिला विरोधी रहा है। उन्होंने कहा कि जब देश में महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए ऐतिहासिक कदम उठाने का अवसर आया, तब कांग्रेस और विपक्षी दलों ने उसका समर्थन नहीं करके देश की लगभग 50 प्रतिशत महिला आबादी की आकांक्षाओं के साथ अन्याय किया है।
सांसद सीपी जोशी ने शुक्रवार देर रात बयान जारी कर कहा कि केंद्र की सरकार की और से लाए गए नारी शक्ति वंदन अधिनियम देश की महिलाओं को राजनीति में समान भागीदारी देने की दिशा में एक ऐतिहासिक और दूरगामी निर्णय है। इस कानून के माध्यम से संसद और विधानसभाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने का प्रावधान किया गया, जिससे देश की महिलाएं निर्णय प्रक्रिया में अधिक सक्रिय भूमिका निभा सकें और राष्ट्र निर्माण में अपनी भागीदारी को और मजबूत बना सकें। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और सशक्तीकरण के लिए अनेक ऐतिहासिक निर्णय लिए हैं। आज देश की महिलाएं हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं और सरकार की नीतियों का लाभ उन्हें सीधे तौर पर मिल रहा है। ऐसे समय में महिला सशक्तीकरण से जुड़े महत्वपूर्ण विधेयक का विरोध करना कांग्रेस और विपक्ष की संकीर्ण मानसिकता को दर्शाता है। सांसद सीपी जोशी ने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा महिलाओं के अधिकारों को लेकर केवल राजनीतिक बयानबाजी की है, लेकिन जब वास्तविक निर्णय लेने का अवसर आया तो उन्होंने विकास की इस ऐतिहासिक पहल का विरोध किया। इससे स्पष्ट हो जाता है कि कांग्रेस का असली चेहरा महिला विरोधी है और वह महिलाओं के सशक्तिकरण के प्रति गंभीर नहीं है।
सांसद सीपी जोशी ने राजस्थान में पूर्व की कांग्रेस सरकार के समय महिलाओं की स्थिति और कानून व्यवस्था का हवाला देते हुए बताया कि कांग्रेस सरकार के राज में बेटियां असुरक्षित हुई। राजस्थान महिलाओं के खिलाफ अपराध में लगातार टॉप राज्यों में रहा। अलवर, जोधपुर, भीलवाड़ा, उदयपुर में हुई घटनाओं ने प्रदेश को शर्मसार किया। हर बार सरकार ने सिर्फ जांच के वादे किए, अपराधियों में डर खत्म हो गया। महिला सुरक्षा के नाम पर घोषणाएं तो बहुत हुईं, लेकिन निर्भया फंड का इस्तेमाल, महिला गश्ती दल, सीसी टीवी कैमरे – जमीन पर काम आधा-अधूरा रहा। चुनाव से पहले प्रियंका गांधी ने ‘लड़की हूं लड़ सकती हूं’ का नारा दिया, राजस्थान की बेटियों के लिए वो नारा कहां गया?
सांसद सीपी जोशी ने कहा कि देश की महिलाएं आज जागरूक हैं और वे यह भली-भांति समझती हैं कि कौन उनके अधिकारों और सम्मान के लिए काम कर रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में जनता की अदालत में कांग्रेस और ऐसे विपक्षी दलों को इसका जवाब अवश्य मिलेगा। जोशी ने कहा कि भाजपा सरकार महिलाओं को समान अवसर देने, उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। नारी शक्ति वंदन अधिनियम के माध्यम से देश की राजनीति में महिलाओं की भागीदारी और नेतृत्व क्षमता को नई दिशा मिलेगी, जो भारत के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत आधारशिला साबित होगी।