अमेरिका के सहायक विदेश मंत्री २०-२२ अप्रैल तक नेपाल दौरे पर

Share

काठमांडू, 18 अप्रैल । दक्षिण एवं मध्य एशिया मामलों को देखने वाले अमेरिका के सहायक विदेश मंत्री समीर पॉल कपूर सोमवार २० अप्रैल से २२ अप्रैल तक नेपाल का दौरा करने वाले हैं। बालेन्द्र शाह के नेतृत्व में सरकार गठन के बाद नेपाल आने वाले वे अमेरिकी सरकार के सबसे वरिष्ठ अधिकारियों होंगे।

आमतौर पर अमेरिकी विदेश मंत्री या अन्य उच्च अधिकारी भारत, पाकिस्तान, बांग्लादेश या दक्षिण एवं दक्षिण-पूर्व एशिया के अन्य देशों की यात्रा के दौरान ही काठमांडू आते रहे हैं।

सहायक विदेश मंत्री पॉल अमेरिका से उड़ान भरकर इस्तांबुल ट्रांजिट होते हुए सीधे काठमांडू पहुंचेंगे। विदेश मंत्रालय के अनुसार, उनके सोमवार को आने और बुधवार को लौटने का कार्यक्रम है। काठमांडू में रहते हुए वे बालेन्द्र सरकार की आर्थिक प्राथमिकताओं पर वित्त मंत्री डॉ. स्वर्णिम वाग्ले के साथ चर्चा करेंगे। मिलेनियम चैलेंज कॉर्पोरेशन (एमसीसी) के नेपाल कॉम्पैक्ट के शीघ्र कार्यान्वयन में अमेरिका की रुचि बनी हुई है।

नेपाल के विदेश मंत्रालय की तरफ से जारी बयान में कहा गया है कि काठमांडू प्रवास के दौरान सहायक विदेश मंत्री कपूर नेपाल के वित्त मंत्री और विदेश मंत्री के अलावा और किन-किन लोगों से मिलेंगे, किस समय और किन विषयों पर वार्ता करेंगे- इसकी विस्तृत कार्यसूची तैयार की जा रही है।

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने अक्टूबर 2025 में दक्षिण एवं मध्य एशिया मामलों के सहायक विदेश मंत्री डोनाल्ड लू को पद से हटा दिया था। उनकी जगह सुरक्षा मामलों के विशेषज्ञ कपूर को नियुक्त किया गया था।

भारत की राजधानी नई दिल्ली में जन्मे कपूर दक्षिण एशिया के मुद्दों की जमीनी वास्तविकताओं को अच्छी तरह समझने और उनका विश्लेषण करने की क्षमता रखते हैं। विदेश मंत्रालय में नियुक्ति से पहले वे अमेरिकी नौसेना के नेवी पोस्ट ग्रेजुएट स्कूल में प्रोफेसर थे, जहां वे सैन्य संचालन, तकनीकी नेतृत्व और युद्ध कौशल जैसे विषय पढ़ाते थे।

नेपाल में नई सरकार बनने के बाद किसी वरिष्ठ अमेरिकी अधिकारी का सीधे काठमांडू आना इस बात का संकेत है कि वाशिंगटन डीसी की प्राथमिकताओं में नेपाल महत्वपूर्ण स्थान रखता है।