जगदलपुर, 15 अप्रैल । बस्तर के स्थानीय उद्यमियों और व्यापारियों को वैश्विक बाजार की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए जिला प्रशासन द्वारा एक महत्वपूर्ण पहल की जा रही है। इसी कड़ी में गुरुवार 16 अप्रैल को दोपहर 3 बजे कलेक्टर कार्यालय के प्रेरणा हॉल में “निर्यात प्रक्रियाओं एवं प्रलेखन” विषय पर एक विशेष क्षमता निर्माण कार्यशाला का आयोजन किया गया है। इस कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य जिले के व्यापारियों, उद्यमियों और इच्छुक प्रतिभागियों के भीतर निर्यात क्षेत्र से संबंधित तकनीकी दक्षता और जानकारी को बढ़ाना है।
कार्यक्रम के दौरान उद्योग संचालनालय के विशेषज्ञ अधिकारी विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे, जो निर्यात के लिए आवश्यक पंजीकरण की बारीकियों और महत्वपूर्ण दस्तावेजीकरण (डॉक्यूमेंटेशन) की प्रक्रियाओं पर विस्तार से प्रकाश डालेंगे। सीखने की इस प्रक्रिया को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए सत्र में प्रश्न-उत्तर का अवसर भी रखा गया है, जहां प्रतिभागी अपनी शंकाओं का समाधान सीधे विशेषज्ञों से प्राप्त कर सकेंगे। जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र के मुख्य महाप्रबंधक अजीत बिलुंग ने जिले के सभी युवाओं और उद्यमियों से इस कार्यशाला का लाभ उठाने के लिए अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की है, ताकि क्षेत्र के उत्पादों को अंतर्राष्ट्रीय पहचान दिलाने की दिशा में मजबूती से कदम बढ़ाए जा सकें।