किराया बढ़ोतरी के विरोध में व्यापारियों ने आंदोलन की बनाई रणनीति

Share

पूर्वी सिंहभूम, 14 अप्रैल । सोनारी स्थित कागल नगर बाजार में दुकानों के किराया वृद्धि के खिलाफ मंगलवार को व्यापारियों ने एकजुट होकर जोरदार विरोध दर्ज कराया। ऑल मार्केट एसोसिएशन के बैनर तले सोनारी संयुक्त बाजार समिति की ओर से आयोजित इस बैठक में बड़ी संख्या में दुकानदार शामिल हुए और प्रशासनिक फैसले पर नाराजगी जताई।

बैठक में वक्ताओं ने जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति (जेएनएसी) की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि बिना किसी पूर्व सूचना और स्पष्ट दिशा-निर्देश के दुकानों का किराया बढ़ाना पूरी तरह अनुचित है। व्यापारियों का कहना था कि इस निर्णय के पीछे किस नियम या आदेश का पालन किया गया है, इसका स्पष्ट जवाब भी प्रशासन की ओर से नहीं दिया जा रहा है, जिससे असंतोष और बढ़ गया है।

महासचिव नसीम अंसारी ने कहा कि यह निर्णय व्यापारियों के हितों के खिलाफ है और इसे किसी भी हाल में स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने बताया कि जल्द ही एसोसिएशन का प्रतिनिधिमंडल उपायुक्त से मिलकर इस मुद्दे को उठाएगा। यदि उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दिया गया, तो आंदोलन को व्यापक रूप दिया जाएगा और व्यापारी सड़क पर उतरकर विरोध करेंगे।

समिति के अध्यक्ष सुरेश गुप्ता ने भी व्यापारियों को भरोसा दिलाया कि एसोसिएशन के एक आह्वान पर सभी दुकानदार संघर्ष के लिए तैयार हैं और एकजुटता के साथ अपने अधिकारों की लड़ाई लड़ेंगे।

बैठक में किराया वृद्धि वापस लो और व्यापारी एकता जिंदाबाद के नारों के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

बैठक की अध्यक्षता समिति के अध्यक्ष सुरेश गुप्ता ने की, जबकि संचालन शंकर प्रसाद ने किया। इस दौरान एसोसिएशन के महासचिव नसीम अंसारी सहित बृजेश गोहिल, अधिवक्ता संजय सिंह, दुर्गा दास साहू, निखिल कुमार, शमीम उर रहमान और धर्मेश अडेसरा सहित अन्य उपस्थित थे।