थाना से महज 200 मीटर दूर मंदिर में चोरी, दान पेटी का ताला तोड़कर 30 हजार उड़ाए

Share

सुपौल, 11 अप्रैल । जिले के राघोपुर थाना क्षेत्र के सिमराही बाजार स्थित बजरंगबली मंदिर में शुक्रवार की देर रात चोरों ने चोरी की घटना को अंजाम देकर पुलिस व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। खास बात यह है कि यह मंदिर थाना से महज 200 मीटर की दूरी पर स्थित है, इसके बावजूद चोरों ने बेखौफ होकर वारदात को अंजाम दिया।

बताया गया कि अज्ञात चोरों ने मंदिर का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और दान पेटी को निशाना बनाया। दान पेटी से करीब 25 से 30 हजार रुपये नकद चोरी कर लिए गए। मंदिर प्रबंध समिति के सदस्यों ने बताया कि पिछले लगभग एक वर्ष से दान पेटी नहीं खोली गई थी, जिससे उसमें अच्छी-खासी राशि जमा हो गई थी। घटना की जानकारी शनिवार सुबह उस समय हुई जब मंदिर के पुजारी राजेश कुमार झा रोजाना की तरह पूजा करने पहुंचे।

उन्होंने मंदिर का ताला टूटा हुआ देखा तो तुरंत इसकी सूचना मंदिर प्रबंधन समिति को दी। देखते ही देखते मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई। श्रद्धालु जब पूजा के लिए पहुंचे तो दान पेटी का भी ताला टूटा देखा।

घटना के बाद स्थानीय लोगों द्वारा राघोपुर पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ भी की और मामले की जांच शुरू कर दी है। इस संबंध में राघोपुर थानाध्यक्ष अमित कुमार राय ने बताया कि प्राप्त आवेदन के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने आश्वासन दिया कि जल्द ही घटना में शामिल चोरों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।