अवैध गैस रिफिलिंग पर छापेमारी कर 14 सिलेंडर जब्त

Share

पश्चिमी सिंहभूम, 11 अप्रैल । जिले में अवैध गैस कारोबार के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है।

उपायुक्त चंदन कुमार के निर्देश पर सदर चाईबासा के अनुमंडल पदाधिकारी संदीप अनुराग टेपनो के नेतृत्व में शनिवार को शहर के मधुबाज़ार स्थित एक गल्ला दुकान में छापेमारी की गई। यह कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर की गई, जिसमें घरेलू गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी और बड़े सिलेंडरों से छोटे सिलेंडरों में अवैध रिफिलिंग की शिकायत मिली थी। छापेमारी में अंचल अधिकारी सदर उपेंद्र कुमार, प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी सदर तथा थाना प्रभारी विनोद कुमार,सदर पुलिस बल के साथ मौजूद थे।

छापेमारी के दौरान दुकान से कुल 14 गैस सिलेंडर बरामद किए गए, जिनमें 10 भरे हुए और 4 खाली सिलेंडर शामिल हैं। इसके अलावा गैस रिफिलिंग में इस्तेमाल होने वाले नोजल और अन्य अवैध उपकरण भी जब्त किए गए।

प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी रिपोर्ट के आधार पर संबंधित दुकानदार के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम की धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।

अनुमंडल पदाधिकारी संदीप अनुराग टेपनो ने कहा कि शहर में कालाबाजारी और अवैध गतिविधियों को किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि आगे भी इस तरह की कार्रवाई जारी रहेगी।