अनूपपुर, 06 अप्रैल । मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले की धार्मिक, आध्यात्मिक तीर्थ नगरी अमरकंटक इन दिनों भक्ति और श्रद्धा के अनुपम संगम का साक्षी बन रही है। पतित-पावनी नर्मदा नदी के पवित्र तट पर वैशाख मास के शुभारंभ के साथ ही बैसाखी स्नान हेतु श्रद्धालुओं की निरंतर आमद बढ़ती जा रही है। दूर-दराज से आए श्रद्धालु मां नर्मदा की गोद में आस्था की डुबकी लगाकर पुण्य लाभ अर्जित कर रहे हैं।
चैत्र मास की पूर्णाहुति के पश्चात जैसे ही वैशाख प्रतिपदा का शुभारंभ हुआ, वैसे ही तीर्थयात्रियों का प्रवाह अमरकंटक की ओर उमड़ पड़ा। देश के विभिन्न प्रदेशों छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र, गुजरात सहित दक्षिण भारत के राज्यों से श्रद्धालु मां नर्मदा के पावन जल में स्नान, दर्शन, पूजन एवं अर्चन कर आध्यात्मिक ऊर्जा से ओत-प्रोत हो रहे हैं। प्रातः कालीन से ही नर्मदा तट पर भक्ति का अलौकिक दृश्य देखने को मिलता है। “हर-हर नर्मदे” के गूंजते जयकारों के बीच श्रद्धालु स्नान कर विधिवत पूजन-अर्चन करते हैं। यह क्रम दिनभर चलता है और संध्या होते ही श्रद्धालु अपने-अपने गंतव्य की ओर लौट जाते हैं, हृदय में आस्था और संतोष की दिव्य अनुभूति संजोए हुए।
विशेष रूप से सोमवार को वैशाख मास के इस पुण्य अवसर पर आसपास क्षेत्र सहित छत्तीसगढ़ से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे और मां नर्मदा के पावन जल में स्नान कर पुण्य अर्जित किया।