बीजापुर, 06 अप्रैल । जिले में रेत के अवैध उत्खनन और परिवहन को लेकर आज सोमवार को जिला मुख्यालय बीजापुर में कांग्रेस की आयोजित पत्रकारवार्ता में कांग्रेस बीजापुर विधायक विक्रम मंडावी ने भाजपा नेताओं पर सत्ता का दुरुपयोग कर पंचायतों के अधिकारों का अतिक्रमण करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि तारलागुड़ा से मिंगाचल तक रेत के अवैध कारोबार में भाजपा नेताओं की सीधी भूमिका से पंचायतों को मिलने वाला राजस्व प्रभावित हो रहा है। इस पूरे मामले को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी ने कलेक्टर बीजापुर को ज्ञापन सौंपा।
बीजापुर विधायक विक्रम मंडावी ने आरोप लगाया कि तारलागुड़ा में बस्तर सांसद महेश कश्यप के करीबी अभिषेक ठाकुर द्वारा पंचायत पर दबाव बनाकर रेत का अवैध कारोबार किया जा रहा है। वहीं तिमेड में भाजपा नेता गौतम राव और टी. गोवर्धन द्वारा पंचायत को आबंटित रेत खदान पर कथित रूप से कब्जा कर उत्खनन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मिंगाचल क्षेत्र में पूर्व मंत्री महेश गागड़ा के करीबी भाजपा मंडल अध्यक्ष चिन्ना तेलम, विज्जा कोरसा और पुच्चु ठाकुर पर भी पंचायत को आवंटित रेत खदान पर दबाव बनाकर अवैध कारोबार करने का आरोप है।
विधायक विक्रम मांडवी ने कहा कि नियमों को ताक में रखकर मिंगाचल खदान से निकाली जा रही रेत का भुगतान फोन-पे जैसे डिजिटल माध्यमों से निजी खातों में लिया जा रहा है, जबकि यह राशि पंचायत के खाते में जमा होनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि इससे पंचायतों के वित्तीय अधिकारों का हनन हो रहा है और स्थानीय निकायों को मिलने वाला राजस्व प्रभावित हो रहा है। उन्हाेने कहा कि भाजपा की “डबल इंजन” सरकार के 27 महीनों में बीजापुर जिले में खनिज संसाधनों, जल, जंगल और जमीन की व्यवस्थित लूट शुरू हो गई है। उन्होंने कहा कि दशकों तक नक्सलवाद से प्रभावित रहे बस्तर क्षेत्र में अब विकास के नाम पर प्राकृतिक संसाधनों पर कब्जा किया जा रहा है, और ग्रामीणों को डरा-धमकाकर रेत का अवैध उत्खनन किया जा रहा है।
उन्होंने दावा किया कि भोपालपटनम ब्लॉक के तारलागुड़ा, भद्राकाली, अटुकपल्ली, चंदुर, तिमेड़ तथा भैरमगढ़ ब्लॉक के मिंगाचल सहित इंद्रावती नदी किनारे की विभिन्न पंचायतों के ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों से चर्चा के बाद यह जानकारी सामने आई है कि भाजपा नेता और ठेकेदार मिलकर रेत का अवैध उत्खनन, भंडारण और अंतरराज्यीय परिवहन कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि एक रॉयल्टी पर्ची पर कई-कई ट्रकों से रेत तेलंगाना और महाराष्ट्र भेजी जा रही है, जिससे शासन और पंचायतों को मिलने वाली रॉयल्टी की चोरी हो रही है और स्थानीय लोगों को महंगी दर पर रेत खरीदनी पड़ रही है।
विधायक विक्रम मंडावी ने मुख्यमंत्री, जिला प्रशासन और खनिज विभाग से पूरे बीजापुर जिले में रेत के अवैध उत्खनन, भंडारण और परिवहन पर तत्काल रोक लगाने, उच्च स्तरीय निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने इस मामले में तत्काल कार्रवाई नहीं की, तो कांग्रेस पार्टी जनता के साथ मिलकर उग्र आंदोलन करने को मजबूर होगी।
प्रेस वार्ता के दौरान जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष लालू राठौर, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष शंकर कुड़ियम, बसंत राव ताटी, नीना रावतिया उद्दे, प्रवीण डोंगरे, ज्योति कुमार, सोनू पोटाम, जगबंधु मांझी, पुरुषोत्तम खत्री, राजेश जैन, शेख रजिया, पुरुषोत्तम सल्लूर, दिनेश पुजारी, एजाज सिद्दीकी, वीरेंद्र सिंह ठाकुर, बाबू लाल राठी, लक्ष्मण कड़ती, बलराम कोरसा और कामेश मोरला सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद थे।