काठमांडू, 06 अप्रैल । कंबोडिया में बिना वीजा के रह रहे 7 नेपाली नागरिकों को बचा लिया गया है। थाईलैंड के बैंकॉक स्थित नेपाली दूतावास ने कंबोडिया सरकार और गैरआवासी नेपाली संघ के सहयोग से आज इन सभी को नेपाल वापस भेजा।
दूतावास के अनुसार, इन नागरिकों को वहां अवैध रूप से संचालित ऑनलाइन स्कैमिंग केंद्रों, कैसीनो आधारित ऑनलाइन ठगी समेत अन्य गैरकानूनी गतिविधियों में लगाया गया था। दूतावास ने यह भी जानकारी दी है कि अभी भी कुछ नेपाली नागरिक कंबोडिया में फंसे हुए हैं। उनकी पहचान कर उन्हें नेपाल वापस लाने के प्रयास जारी हैं।
दूतावास की विज्ञप्ति में कहा गया है कि नेपाली नागरिकों को ऑनलाइन ठगी जैसे गैरकानूनी कामों में लगाया जा रहा है और वे बिना वीजा या वीजा अवधि से अधिक समय तक वहां रह रहे हैं। दूतावास के अनुसार, स्कैमिंग केंद्रों में काम करने वालों के पासपोर्ट कंपनियों द्वारा जब्त कर लिए जाते हैं या एक केंद्र से दूसरे केंद्र में भेजे जाने के दौरान उनके पासपोर्ट खो जाने की शिकायतें भी सामने आई हैं। नेपाल लौटने के इच्छुक नागरिकों के लिए बैंकॉक स्थित नेपाली दूतावास द्वारा निःशुल्क एकतरफा यात्रा अनुमति पत्र जारी किया जा रहा है। साथ ही दूतावास ने सभी नागरिकों से अनुरोध किया है कि वे नेपाल सरकार द्वारा निर्धारित मापदंडों के अनुसार श्रम स्वीकृति लेकर ही वैदेशिक रोजगार के लिए जाएं।