बाइक सवार बदमाशाें ने महिला से चेन छीना

Share

पूर्वी सिंहभूम, 05 अप्रैल । बिरसानगर थाना क्षेत्र में शनिवार देर रात चेन छिनतई की एक घटना सामने आई है। बाइक पर सवार दो अज्ञात बदमाशों ने एक महिला के गले से सोने की चेन झपट ली और मौके से फरार हो गए। घटना के बाद पुलिस ने रविवार को प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मिली जानकारी के अनुसार, पीड़िता विभा देवी अपने पति नंदलाल ओझा के साथ सिदगोड़ा से लौट रही थीं। जैसे ही दोनों आस्था ट्विन सिटी के मलबरी ब्लॉक के पास ऑटो से उतरे, पहले से घात लगाए बदमाशों ने वारदात को अंजाम दे दिया। बाइक पर बैठे एक अपराधी ने अचानक झपट्टा मारकर विभा देवी के गले से चेन छीन ली और साथी के साथ तेजी से फरार हो गया।

घटना के बाद विभा देवी ने शोर मचाया, लेकिन देर रात होने के कारण आसपास कोई मौजूद नहीं था, जिससे बदमाश आसानी से भागने में सफल रहे। छीनी गई चेन का वजन करीब 15 ग्राम बताया जा रहा है।

घटना की सूचना मिलने पर बिरसानगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। थाना प्रभारी संतोष कुमार ने बताया कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं और जल्द ही आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी की जाएगी।

पीड़ित के पति नंदलाल ओझा ने अपार्टमेंट परिसर की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि यहां गार्ड की व्यवस्था बेहद कमजोर है, जिसके कारण बाहरी लोग आसानी से अंदर प्रवेश कर जाते हैं। उन्होंने परिसर में सुरक्षा को मजबूत करने की मांग की है।