चंडीगढ़, 03 अप्रैल । पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने बड़ा ऐलान करते हुए कहा है कि श्री गुरु ग्रंथ साहिब सतिकार एक्ट, 2008’ में संशोधन के लिए 13 अप्रैल को बैसाखी के मौके पर विधानसभा का विशेष सत्र बुलाया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस संशोधन का उद्देश्य श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी की बेअदबी की घटनाओं को रोकना और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रस्तावित संशोधन के तहत बेअदबी की कोशिश करने वाले किसी भी व्यक्ति को न्यूनतम 10 साल से लेकर उम्रकैद तक की सजा का सामना करना पड़ेगा। भगवंत मान ने बताया कि इस मुद्दे पर संत समाज और कानूनी विशेषज्ञों से लगातार सलाह-मशविरा किया जा रहा है, ताकि कानून को और मजबूत और प्रभावी बनाया जा सके।