ठाकुरगंज PHC के प्रभारी बदले, डॉ. तेज नारायण रजक को मिली जिम्मेदारी

Share

किशनगंज, 03 अप्रैल । जिले के ठाकुरगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी को बदल दिया गया है। स्वास्थ्य कर्मियों द्वारा लगाए गए आरोपों और विभागीय जांच के बाद यह कार्रवाई की गई है। सिविल सर्जन कार्यालय, किशनगंज द्वारा जारी आदेश के अनुसार अब तक ठाकुरगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी के रूप में कार्यरत डॉ. अखलाकुर रहमान को पद से हटा दिया गया है। उनके स्थान पर डॉ. तेज नारायण रजक को नया प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी नियुक्त किया गया है। जारी आदेश में डॉ. अखलाकुर रहमान को निर्देश दिया गया है कि पत्र निर्गत होने की तिथि से दो दिनों के भीतर वे अपना संपूर्ण प्रभार डॉ. तेज नारायण रजक को सौंप दें। साथ ही प्रभार हस्तांतरण से संबंधित सभी दस्तावेजों की प्रतियां भी उपलब्ध कराने को कहा गया है। बताया गया है कि डॉ. तेज नारायण रजक वर्तमान में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, दिघलबैंक में पदस्थापित हैं। उन्हें अतिरिक्त प्रभार देते हुए ठाकुरगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की जिम्मेदारी सौंपी गई है। गौरतलब है कि डॉ. अखलाकुर रहमान पर एएनएम, सीएचओ सहित कई स्वास्थ्य कर्मियों ने मानसिक प्रताड़ना, आर्थिक शोषण और कार्य में दबाव बनाने जैसे गंभीर आरोप लगाए थे। मामले को लेकर स्वास्थ्य विभाग द्वारा विभागीय जांच भी की गई थी, जो बीते दिनों तक जारी रही। प्रभारी बदलने के आदेश के बाद स्वास्थ्य विभाग में हलचल तेज हो गई है। वहीं स्थानीय स्तर पर भी इस कार्रवाई को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं।