हाजियों को दी गई विशेष प्रशिक्षण

Share

पूर्वी सिंहभूम, 02 अप्रैल ।

शहर के मानगो स्थित फैजुल उलूम मक्का मस्जिद में गुरुवार को हज पर जाने वाले यात्रियों के लिए एक महत्वपूर्ण हज तरबियती (प्रशिक्षण) प्रोग्राम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम सुबह से दोपहर तक चला, जिसमें कुल 56 हाजियों ने भाग लिया और हज यात्रा से जुड़ी आवश्यक जानकारियां प्राप्त कीं।

कार्यक्रम का संचालन एवं मार्गदर्शन मस्जिद कमेटी के जनरल सेक्रेटरी रईस अख्तर खान की सरपरस्ती में किया गया। उनके नेतृत्व में आयोजित इस प्रशिक्षण सत्र में हाजियों को हज के विभिन्न अरकान, एहराम बांधने की प्रक्रिया, तवाफ, सई, अराफात में वकूफ, मुजदलिफा और मिना में होने वाले अहम अमल के बारे में विस्तार से बताया गया। साथ ही हज यात्रा के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों, स्वास्थ्य संबंधी निर्देशों और अनुशासन पर भी विशेष जोर दिया गया।

इस मौके पर मदरसा फैजुल उलूम के उलमा-ए-कराम भी कार्यक्रम में शामिल हुए और उन्होंने अपने-अपने अंदाज में हाजियों को दीन की बुनियादी बातों के साथ-साथ हज की रूहानियत और उसकी अहमियत से रूबरू कराया। उलमा ने कहा कि हज इस्लाम का एक महत्वपूर्ण स्तंभ है, जिसे पूरी नीयत, सब्र और अनुशासन के साथ अदा करना चाहिए।

कार्यक्रम के दौरान हाजियों को प्रैक्टिकल तरीके से भी कुछ जरूरी प्रक्रियाओं की जानकारी दी गई, जिससे वे हज के दौरान किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करें। आयोजकों की ओर से सभी प्रतिभागियों के लिए खाने-पीने का भी समुचित इंतजाम किया गया, जिसकी हाजियों ने सराहना की।

कार्यक्रम के अंत में दुआ के साथ सभी हाजियों की सुरक्षित, सफल और मकबूल हज यात्रा की कामना की गई। इस अवसर पर मस्जिद कमेटी के सदस्य, स्थानीय गणमान्य लोग और बड़ी संख्या में मुस्लिम समाज के लोग उपस्थित रहे।