सुपौल, 01 अप्रैल । समाहरणालय परिसर स्थित लहटन चौधरी सभागार में डीएम सावन कुमार और पुलिस अधीक्षक सुपौल की संयुक्त अध्यक्षता में बुधवार को जिले की गैस एजेंसियों, क्षेत्रीय प्रबंधकों तथा संबंधित पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक के दौरान घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडर की उपलब्धता, आपूर्ति व्यवस्था की नियमितता, कालाबाजारी एवं जमाखोरी पर नियंत्रण तथा उपभोक्ताओं को समय पर गैस वितरण सुनिश्चित करने को लेकर विस्तृत समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने सभी गैस एजेंसियों को निर्देश दिया कि उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की असुविधा नहीं हो और निर्धारित मानकों के अनुरूप पारदर्शी व सुचारू आपूर्ति व्यवस्था बनाए रखी जाए।
जिलाधिकारी ने अवैध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखने तथा किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही गैस सिलेंडर की शत-प्रतिशत होम डिलीवरी शुरू करने और फर्स्ट इन फर्स्ट आउट (फीफो)प्रणाली का पालन कराने पर जोर दिया गया। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को नियमित निरीक्षण एवं निगरानी बढ़ाने के भी निर्देश दिए।
बैठक में जिला आपूर्ति पदाधिकारी, जिला परिवहन पदाधिकारी, सभी अनुमंडल पदाधिकारी, सभी प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी सहित विभिन्न गैस एजेंसियों के क्षेत्रीय प्रबंधक और अन्य संबंधित पदाधिकारी मौजूद रहे।