हजारीबाग, 01 अप्रैल । केरेडारी थाना क्षेत्र के जोरदाग पब्लिक सड़क पर बुधवार को एक बार फिर तेज रफ्तार और भारी वाहनों के कहर ने एक परिवार की खुशियां उजाड़ दीं। चट्टीबारियातु निवासी सुनील सोनी की सड़क हादसे में मौत हो गई। बताया जा रहा है कि वे एनटीपीसी परियोजना से जुड़े भारी वाहन की चपेट में आ गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि एनटीपीसी की खनन परियोजना शुरू होने के बाद से क्षेत्र की सड़कों पर भारी वाहनों का दबाव लगातार बढ़ता गया है, जिससे आए दिन सड़क हादसे हो रहे हैं। लेकिन इसके बावजूद न तो सुरक्षित सड़क व्यवस्था की गई, न ही भारी वाहनों की रफ्तार पर नियंत्रण लगाया गया।
ग्रामीणों का आरोप है कि एनटीपीसी और कोयला ढुलाई में लगे वाहनों की लापरवाही ने आम लोगों का सड़क पर चलना तक मुश्किल कर दिया है। जो सड़क कभी ग्रामीणों के आवागमन का साधन थी, आज वही मौत का रास्ता बन चुकी है। हर दिन धूल, धुआं, शोर और भारी वाहनों की बेतहाशा आवाजाही से लोग परेशान हैं, और अब लगातार हो रही मौतों ने लोगों के सब्र का बांध तोड़ दिया है। इधर लोगों ने मुआवजे की मांग को लेकर शव के साथ सड़क जाम कर दिया है। पुलिस माैके पर पहुंचकर आक्रोशित लोगों को समझाकर सड़क जाम हटाने का प्रयास कर रही है।