बरेली, 1 अप्रैल । उत्तर प्रदेश के बरेली में हवाई अड्डा गेट के पास संचालित दुग्ध डेयरियों को हटाने की कार्रवाई को लेकर विवाद गहरा गया है। किसान एकता संघ ने बुधवार काे नगर निगम पर अतिक्रमण हटाने के नाम पर पक्षपातपूर्ण कार्रवाई करने का आरोप लगाया है। संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि डेयरी किसानों को अचानक हटाने की कोशिश से उनके सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है। उनका आरोप है कि गरीब किसानों को निशाना बनाया जा रहा है, जबकि अन्य तरह के अतिक्रमण को नजरअंदाज किया जा रहा है। इससे किसानों में भारी नाराजगी है।
किसान नेता डॉ. रवि नागर ने कहा कि अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई यदि करनी है तो सभी पर समान रूप से होनी चाहिए। केवल गरीब डेयरी किसानों को हटाना अन्यायपूर्ण है और इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस संबंध में नगर आयुक्त को ज्ञापन भी सौंपा गया। ज्ञापन देने वालों में प्रदेश उपाध्यक्ष श्यामपाल गुर्जर, मंडल अध्यक्ष बहुरनलाल गुर्जर, मंडल महासचिव डॉ. अंशु भारती, जिला महासचिव अवधेश सिंह, जिला उपाध्यक्ष गिरीश गोस्वामी, महानगर अध्यक्ष दीपक पांडे समेत कई पदाधिकारी मौजूद रहे। फिलहाल प्रशासन की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।————–