काली नृत्य के दौरान युवक की मौत, परिजनों ने बताया ‘देवी की महिमा’, नहीं कराया पोस्टमार्टम

Share

उमरिया, 31 मार्च । मध्‍य प्रदेश के उमरिया जिले के नौरोजाबाद थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पठारी में जावरा विसर्जन के दौरान काली नृत्य कर रहे एक युवक की अचानक मौत हो गई। घटना का वीडियो मंगलवार को सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

जानकारी के अनुसार, 29 मार्च को गांव में जावरा विसर्जन का पारंपरिक कार्यक्रम आयोजित किया गया था। हर वर्ष की तरह इस बार भी कुछ युवक माता काली का स्वरूप धारण कर नृत्य कर रहे थे। जुलूस जब गांव के मुख्य चौराहे पर पहुंचा और काली नृत्य शुरू हुआ, उसी दौरान 38 वर्षीय राम गरीब कोल पुत्र प्रेम लाल कोल अचानक नृत्य करते-करते लड़खड़ा गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, युवक ने खुद को संभालने की कोशिश की, लेकिन कुछ ही क्षणों में वह जमीन पर गिर पड़ा। आसपास मौजूद लोगों ने उसे संभालने का प्रयास किया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

नौरोजाबाद थाना प्रभारी बालेन्द्र शर्मा ने बताया कि घटना की जानकारी मिली थी, लेकिन मृतक के परिजनों ने किसी भी प्रकार की पुलिस कार्रवाई या पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया। इस कारण थाने में कोई मामला दर्ज नहीं किया गया है।

ग्रामीणों के अनुसार, परिजनों का मानना है कि युवक पर माता काली की कृपा (देवी का वशीकरण) हुआ था और वह इसे सहन नहीं कर सका, जिसके चलते उसकी मृत्यु हो गई,

हालांकि, चिकित्सकीय दृष्टिकोण से इसे संभावित ‘साइलेंट अटैक’ (हार्ट अटैक) का मामला माना जा रहा है, लेकिन बिना पोस्टमार्टम के मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि नहीं हो सकी है।