अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में निःशुल्क योग कक्षाएं शुरू

Share

हल्द्वानी, 29 मार्च । उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय के योग विभाग की ओर से अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस—2026 के उपलक्ष्य में 22 मार्च से आमजन के लिए निःशुल्क योग कक्षाओं का आयोजन किया जा रहा है। रविवार को विश्वविद्यालय परिसर में प्रातः 6 से 7 बजे तक आयोजित साप्ताहिक योग सत्र में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया।

इस सत्र में योग विभाग के अध्यापकों, प्रशिक्षकों एवं शोधार्थियों के साथ निकटवर्ती मानपुर पश्चिम गांव के नागरिक भी उत्साहपूर्वक शामिल हुए। कार्यक्रम में कोरिया से आए एक प्रोफेसर की सहभागिता ने इसकी गरिमा को बढ़ाया और योग की वैश्विक स्वीकार्यता को रेखांकित किया।

विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर नवीन चंद्र लोहनी ने बताया कि यह निःशुल्क योग शिविर आम जनता के स्वास्थ्य संवर्धन और योग के सकारात्मक प्रभाव को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि योग शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक संतुलन स्थापित करने का प्रभावी माध्यम है, इसलिए अधिक से अधिक लोगों को इससे जुड़ना चाहिए।

योग विभाग के अनुभवी शिक्षकों एवं प्रशिक्षकों द्वारा संचालित इन कक्षाओं में विभिन्न योगासन, प्राणायाम और ध्यान का अभ्यास कराया जा रहा है। विभाग ने प्रतिभागियों से योगाभ्यास के लिए अपने साथ योग मैट या चादर लाने का अनुरोध किया है।

यह निःशुल्क योग कार्यक्रम 22 मार्च से प्रारंभ होकर प्रत्येक रविवार विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित किया जा रहा है और 21 जून तक नियमित रूप से जारी रहेगा। विभाग ने क्षेत्रीय नागरिकों से अधिकाधिक सहभागिता की अपील की है।